बिहार चुनाव : तीन घंटे में 20 प्रतिशत से अधिक मतदान
बिहार चुनाव : तीन घंटे में 20 प्रतिशत से अधिक मतदान
Share:

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को 32 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा हैं। मतदान के मद्देनजर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। पहले तीन घंटों के दौरान 20 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरे चरण के मतदान में 6 जिले कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद और गया के मतदाता लगतार मतदान कर रहे हैं। 

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 10 बजे तक 20 फीसदी से अधिक मतदाता अपने वोट दे चुके है। गया जिले में सर्वाधिक 22 फीसदी मतदाता मतदान कर चुके हैं, जबकि कैमूर में मतदान प्रतिशत सबसे कम 16.68 फीसदी है। कुछ मतदान केंद्रों पर शुरुआती घंटे में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) खराब होने की जानकारी प्राप्त हुई थी, जिन्हें बाद में दुरुस्त कर दिया गया। दूसरे चरण में 86.13 लाख मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना है, जिनके लिए 9,119 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 32 महिला सहित 456 उम्मीदवार मैदान में हैं। 

दूसरे चरण में अधिकांश सीटें नक्सल प्रभावित हैं। इस चरण में जिन छह जिलों के 32 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है, उनमें 23 विधानसभा क्षेत्रों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है। सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं, नक्सल प्रभावित 11 सीटों पर मतदान अपराह्न् तीन बजे तक और 12 सीटों पर शाम चार बजे तक होना है। सभी मतदान केंद्रों पर केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए संबंधित जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है। 

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए राज्य एवं केन्द्रीय सुरक्षा बलों की कुल 993 कंपनियां तैनात की गई हैं और पांच हेलीकॉप्टर भी तैनात किए गए हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। मतदान सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए 44,216 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष और जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के नेता उदय नारायण चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह, रामेश्वर चौरसिया, पूर्व मंत्री रामधनी सिंह, इलियास हुसैन तथा मांझी के बेटे संतोष कुमार का राजनीतिक भविष्य इस चरण के मतदाताओं के हाथ में हैं। 

इस चरण में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भाजपा के 16, हम के सात, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छह, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद)और जदयू के 13-13 उम्मीदवार हैं और कांग्रेस के छह उम्मीदवार हैं।  इस चुनाव में कांग्रेस, राजद और जद (यू) महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा नेतृत्व वाले राजग में लोजपा, रालोसपा और हम हैं। वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर चुनावी समर में ताल ठोंक रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) के नेतृत्व में छह दलों का तीसरा मोर्चा भी चुनाव मैदान में है। 

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के तहत सोमवार को 49 सीटों पर मतदान हुआ था। सभी सीटों के लिए मतगणना आठ नवंबर को होगी।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -