बंगाल में मिला 'कटे गले और जले हुए चेहरे वाला महिला का शव', जाँच में जुटी पुलिस
बंगाल में मिला 'कटे गले और जले हुए चेहरे वाला महिला का शव', जाँच में जुटी पुलिस
Share:

कोलकाता: बांग्लादेश से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है यहाँ एक महिला की नृशंस हत्या कर दी गई। उसका शव पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास मिला। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे, गला कटा हुआ था तथा चेहरा जला हुआ था। इस मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार की सुबह महिला का शव उत्तर 24 परगना जिले के स्वरूपनगर सीमा क्षेत्र के समीप गुनराजपुर गांव में पाया गया तथा शुक्रवार को एक शख्स को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मृत महिला एक बांग्लादेशी लड़की है। वह मुंबई में एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।

बशीरहाट जिले के एसपी जॉबी थॉमस एसके ने कहा कि महिला बांग्लादेश में अपने घर लौट रही थी। संभव है कि पैसे के लिए उसका क़त्ल कर दिया गया हो। थॉमस ने कहा था कि, "ऐसे लोग आम तौर पर बांग्लादेश लौटते वक़्त बहुत पैसे और गहने ले जाते हैं, मगर शव के पास रखे मिले महिला के बैग में कुछ भी नहीं मिला। इसलिए हमें संदेह है कि क़त्ल से पहले उसे लूट लिया गया था।" पुलिस को उसके बैग से बांग्लादेश के फरीदपुर के पते वाला एक चश्मे का डिब्बा मिला। इससे उसकी पहचान करने में सहायता मिली। पुलिस अफसर ने कहा, "हमने उसके परिवार के लोगों से बात की है, वे यहां आएंगे। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति से पूछताछ के पश्चात् ब्यौरा सामने आएगा।" पुलिस अधीक्षक जॉबी थॉमस एसके ने बताया कि पीड़ित महिला की पहचान बांग्लादेशी नागरिक सुमैया अख्तर के तौर पर की गई है, जो ढाका के श्यामपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। अपराधी को "तकनीकी खुफिया जानकारी" के आधार पर बृहस्पतिवार को रात में स्वरूपनगर पुलिस थाने के तहत बिखरी गांव से गिरफ्तार किया गया था। थॉमस ने कहा, "यह तय नहीं है कि महिला ने कानूनी रूप से भारत में प्रवेश किया था या नहीं। हमें उम्मीद है कि उसके परिवार के सदस्यों के ढाका से यहां पहुंचने के पश्चात हमें इस बारे में जानकारी मिलेगी।"

वही इस घटना को लेकर भाजपा ने पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला किया। भाजपा पूर्व में भी TMC पर हिंसा को नियंत्रित करने में अक्षम होने का आरोप लगाती रही है। भाजपा के बंगाल के सह-प्रभारी और पार्टी की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया- "यह पश्चिम बंगाल में कानून तथा व्यवस्था की स्थिति है। उत्तर 24 परगना में भारत-बांग्लादेश सीमा के समीप एक बगीचे से खून से लथपथ एक लड़की का बंधा हुआ शव मिला। उसका गला कटा हुआ था तथा चेहरा इतना जला हुआ था जिससे पहचाना नहीं जा सके। मगर ममता बनर्जी एक शब्द भी नहीं बोलेंगी।'' मालवीय ने कहा कि यदि इस क़त्ल के पीछे "टीएमसी द्वारा संरक्षित अपराधी" हों तो यह आश्चर्य की बात नहीं होगी। उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला करते हुए कहा, "क्या राहुल गांधी, जो राजनीतिक रूप से जरूरी होने पर तुरंत घड़ियाली आंसू बहा देते हैं, पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम रहने के लिए ममता बनर्जी को फटकार लगाएंगे? या 'इंडिया गठबंधन' की मजबूरी आड़े आएगी?" 

भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए TMC प्रवक्ता कुणाल घोष ने इसे बेबुनियाद करार देते हुए कहा, ‘‘पीड़ित एक बांग्लादेशी महिला है। सीमा से 50 किलोमीटर तक का क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकार क्षेत्र में है, जो अमित शाह जी के केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है। BSF क्या कर रही थी।'' घोष ने कहा, ‘‘महिला ने सीमा कैसे पार की। बीजेपी को पहले इसका जवाब देना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर सराहनीय काम किया है। बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने भी पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी पर प्रदेश में आतंक का राज कायम करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं स्तब्ध हूं।।।पश्चिम बंगाल से एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यह याद दिलाता है कि बंगाल में महिलाओं के विरुद्ध अपराध निरंतर हो रहे हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमेशा ‘मां माटी मानुष' (मां, भूमि और लोगों) की बात करने वाली सीएम ममता बनर्जी ने आज राज्य को बम, गोली और बेटी के साथ अन्याय की भूमि में बदल दिया है।'' केंद्रीय मंत्री ने बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

'मैं पोस्टर-बैनर नहीं लगाऊंगा, जिसे वोट देना है देगा, वरना नहीं...', 2024 चुनाव के लिए गडकरी का बड़ा ऐलान

मुस्लिम बहुल इलाके में गणेश विसर्जन जुलुस पर 'तेज़ाब' से हमला, 3 लोग झुलसे, पुलिस के हाथ खाली !

'सभी भारतीय मुसलमानों के पूर्वज हिन्दू ही थे, भारत कभी मुस्लिम देश नहीं था..', बिहार सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष इरशादुल्लाह का बयान

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -