नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रस्तावित चीन दौरे से पहले सोमवार को ट्विटर पर बताया कि वह चीनी माइक्रोब्लॉगिंग साइट वीबो से जुड़ गए हैं। साइना वीबो एक चीनी माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट है, जो कि चीन में लोकप्रिय साइटों में से एक है। कुल इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में से 30 फीसदी लोग इस साइट का प्रयोग करते हैं। प्रधानमंत्री ने वीबो पर की गई एक टिप्पणी की तस्वीर भी अपलोड की। मंदारिन और अंग्रेजी में लिखे संदेश में उन्होंने वीबो पर कहा, "हैलो चाइना! चीन के मित्रों के साथ वीबो के जरिए संवाद स्थापित करने का इंतजार रहेगा।"
बाद में जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि प्रधानमंत्री कार्यालय की भी सोशल मीडिया पर मजबूत उपस्थिति है। यह डिजिटल भारत के उनके दृष्टिकोण के साथ है, जहां शासन और नीति निर्माण में प्रौद्योगिकी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गौरतलब है कि मोदी 14-16 मई को चीन का दौरा करने वाले हैं। चीन में ट्विटर और फेसबुक प्रतिबंधित हैं। सोशल मीडिया पर मोदी की विशिष्ट उपस्थिति है।
फेसबुक पर उनके 2,81,44,058 फॉलोवर हैं, जबकि पीएमओ इंडिया आधिकारिक फेसबुक पेज को 86,66,555 लोगों ने पसंद किया है। शाम तीन बजे तक वीबो पर मोदी के लगभग 20,500 फॉलोवर, 1,600 से अधिक टिप्पणियां और 500 से अधिक फॉरवर्ड हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की विज्ञप्ति के मुताबिक, मोदी पिछले कई सालों से सोशल मीडिया पर सक्रिय रूप से मौजूद हैं और देश तथा दुनिया के लोगों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं।
NTIPL reserves the right to delete, edit, or alter in any manner it sees fit comments that it, in its sole discretion, deems to be obscene, offensive, defamatory, threatening, in violation of trademark, copyright or other laws, or is otherwise unacceptable.