झारखंड / रांची : कुर्मी विकास मोर्चा द्वारा कुर्मी जाति को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड बंद किया गया इस दौरान समर्थकों के आगे पुलिस बेबस और लाचार नजर आई। रांची के रामगढ़ जिले के चितरपुर में बंद करा रहे कुर्मी विकास मोर्चा के सदस्यों से बात करने पहुंचे डीएसपी दीपक कुमार को एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर दिया। इससे गुस्सा हुई जनता ने पुलिस जवानों की वर्दी फाड़ दी और एक का सिर फोड़ दिया। महिलाओं द्वारा भी पुलिस पर पथराव किया गया। इस घटना में कई पुलिस जवानो को चोटे आई है। दर्जनों महिलाओं के अलावा एक तीन साल की बच्ची को भी चोटें लगी हैं।
बाद में रामगढ़ के एसपी डॉ. एम तमिलवामण के दखल देने के बाद जाम खत्म कराया गया। रामगढ़ जिले के ही चक्रधरपुर के बंदगांव प्रखंड के कराईकेला गांव में बंद समर्थकों पर लाठीचार्ज के बाद कुर्मी समाज के लोगों ने एसडीआे रविशंकर शुक्ला की गाड़ी पर पथराव किया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। लोग इतने उग्र हो गए कि पास के थाने में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे। बंद का असर राज्य की राजधानी रांची, रामगढ़ और गोड्डा समेत कई जिलों में दिखने को मिला। राज्य में कुछ नेशनल हाईवे को बंद कर दिया गया।
गोड्डा जिले में नेशनल हाईवे 133 पर जाम लगाकर यातायात रोक दिया गया। सुबह साढ़े पांच बजे से बंद समर्थकों ने रांची-हजारीबाग व रांची-टाटा रोड के विभिन्न चौक-चौराहों को जाम कर दिया। बंद समर्थकों ने वाहनों को रोका और घंटों रास्तों को बाधित रखा। पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद जाम खत्म कराने में कामयाबी मिली। रांची शहर में बंद का मिलाजुला असर देखा गया। सड़क पर आम दिनों की तुलना में वाहन कम चले। कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले तो कई बंद भी रहे। बंद की वजह से बसें व ट्रक घंटों तक जाम में फंसे रहे।