प्रतापगढ़ : देश के विभिन्न क्षेत्रों महिलाओं, छात्राओं से यौन उत्पीड़न के मामले तेजी से सामने आने लगे हैं। हाल ही में क्षेत्र में एक छात्रा के साथ दरिंदगी की बात सामने आई है। यही नहीं मौके से छात्रा का नग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया । घटना के बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में चरवाहों ने एक छात्रा का शव पड़ा देखा। जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो एक छात्रा का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के सामने ग्रामीणों ने इस घटना पर विरोध जताया।
बताया गया है कि उक्त छात्रा देवसरा क्षेत्र में अपनी मां और एक बहन के साथ रहती थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और मृतका के पिता मुंबई में रोजी - रोटी कमाने जाते हैं। घटना वाले दिन छात्रा का भाई भी घर पर नहीं था। छात्रा अपनी मां और बहन के साथ ही घर पर आराम कर रही थी। रात करीब 10 बजे जैसे ही मां की आंख खुली तो उसने बड़ी बेटी को गायब देखा।
उसने परिजन को जगाकर लड़की की खोजबीन शुरू कर दी। मगर उसका कोई पता नहीं चल सका। सुबह जंगल में चरवाहों द्वारा एक शव पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों को लगते ही छात्रा के परिजन भी वहां पहुंचे। वे शव को देखकर रोने लगे। बताया जा रहा है कि छात्रा के शव पर धारदार हथियारों से वार करने के निशान मिले हैं। इसके बाद यह बात सामने आई कि उक्त छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है और इसी के बाद उसकी हत्या कर दी गई है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।