गाजियाबाद : उतर प्रदेश के गाजियाबाद में बिहार के एक रसूखदार मंत्री की बेटी से चोरों ने फोन छीन लिया। पुलिस अब लुटेरों की तलाश में जुटी है। यह घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की है। बिहार सरकार में मंत्री महेश्वर हजारी की बेटी जूही गाजियाबाद में रहकर पढ़ाई कर रही है। वो संतोष मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही है।
गुरुवार को वो कॉलेज से निकलकर घर जा रही थी, तभी कॉलेज के तिराहे के पास बाइक से आए दो बदमाशों ने उसे रोका और उसका महंगा मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। जब जूही ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए।
इसके बाद मामले की शिकायत उन्होने पुलिस में की। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और सभी थानों को सूचित किया। क्षेत्राधिकारी इंद्रपाल यादव ने बताया कि जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष को मौके पर भेजा गया है। सिटी एसपी ने बताया कि क्षेत्राधिकारी के पास ही सारा विवरण है। पुलिस छानबीन कर रही है।