लखनउ : अभी भले ही सपा कुनबे में विवाद की आग भड़की हुई है लेकिन इसी बीच सपा के प्रदेशाध्यक्ष शिवपाल यादव ने आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी चिंता करना शुरू कर दी है। उनका कहना है कि पार्टी ने चुनाव की तैयारी करना शुरू कर दी है और दोबारा सपा ही सत्ता में काबिज होगी।
इधर उन्होंने यह भी संकेत दे दिये है कि विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल अर्थात रालोद से सपा गठबंधन करेगी। मालूम हो कि बीते दिनों से सपा में वर्चस्व की लड़ाई जारी है और इसके चलते ही राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने चाचा और मंत्री शिवपाल यादव को बर्खास्त कर दिया था। अभी शिवपाल सपा के प्रदेश अध्यक्ष बने हुये है।
उन्होंने यह बताया है कि प्रदेश में सांप्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिये वे हर तरह के उपाय कर रहे है। इसी श्रृंखला में रालोद और सपा का गठबंधन किया जाएगा। शिवपाल ने कहा कि उनका लक्ष्य सपा को विधानसभा चुनाव में दोबारा विजयी बनाकर सत्ता तक पहुंचाना है। गौरतलब है कि अखिलेश के पहले रालोद अध्यक्ष चैधरी अजित सिंह ने भी सपा से गठबंधन होने संबंधी संकेत दिये थे।