उत्तर भारत में पारा गिरा, ठंड बढ़ी
उत्तर भारत में पारा गिरा, ठंड बढ़ी
Share:

नई दिल्ली : उत्तर भारत में शनिवार को तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ गई है। पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। दिल्ली में सुबह से धुंध और बादल छाए रहने की वजह से ठंड बढ़ गई है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग का स्की रिजॉर्ट शनिवार को राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। यहां का तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस नीचे मापा गया। गुलमर्ग में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर में 0.6 डिग्री, पहलगाम में शून्य से 6.5 डिग्री नीचे और लद्दाख क्षेत्र के लेह कस्बे में शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, जम्मू क्षेत्र के जम्मू शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, कटरा में 6.7 डिग्री, बटोट में 2.0 डिग्री, भदरवाह में 0.5 डिग्री और बनिहाल में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन दिनों से जम्मू एवं कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हो गया है और अब शनिवार से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। भूमध्यसागर में अतिरिक्त उष्णकटिबंधीय तूफान को पश्चिमी विक्षोभ नाम दिया गया है, जिसके कारण भारत, नेपाल और बांग्लादेश में बारिश होती है। उधर हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में शुक्रवार को हुई बर्फबारी के बाद शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि राज्य के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। उन्होंने आगामी दिनों में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया। लाहौल-स्पीति जिले के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यहां 10 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई।

किन्नौर जिले के कल्पा में 11 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला में यह 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य की राजधानी शिमला में 35.4 मिलीमीटर की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मनाली में 39 मिलीमीटर बारिश के साथ छह सेंटीमीटर तक की बर्फबारी हुई। शिमला के पास के क्षेत्रों कुफरी और नरकंडा में शुक्रवार को बर्फबारी देखी गई, लेकिन यह कुछ घंटों बाद गायब हो गई। पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

औद्योगिक शहर लुधियाना में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में शुक्रवार को हुई बूंदाबांदी के बाद शनिवार को मद्धिम धूप खिली। यहां अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह धुंध रही। दिनभर बादल छाये रहे और धूप नहीं निकलने की वजह से ठंड बढ़ गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 15.7 रहा।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -