अमेठी : एक ओर जहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को बीते चुनाव परिणामों में जनता के विरोध का सामना करना पड़ा था वहीं दूसरी ओर अब सांसद राहुल गांधी को अपने ही संसदीय क्षेत्र में प्रदर्शनों का सामना करना पड़ रहा है। यहां युवाओं द्वारा सांसद राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की गई। उनके साथ किसान भी शामिल थे। मिली जानकारी के अनुसार सगरा चौराहे के समीप युवाओं ने देवीपाटन मंदिर से अपना विरोध प्रारंभ किया तो वह मार्च के तोर पर गांधी चैक पहुंचकर समाप्त हुआ। युवाओं ने अपने हाथों में तख्तियां थाम रखी थीं वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी के विरोध में नारेबाजी की जा रही थी।
लोगों ने राहुल गांधी पर क्षेत्र के किसानों और अन्य लोगों की उपेक्षा को लेकर अपना विरोध जताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या सुनने के लिए राहुल गांधी के पास समय नहीं है। सरकार में शामिल रहते हुए उन्होंने रोजगार उपलब्ध नहीं करवाया। दूसरी ओर उन्होंने अपनी संसदीय क्षेत्र की सुध तक नहीं ली। कई माह से वे वहां गए ही नहीं हैं। इन सभी बातों से आक्रोशित लोगों ने राहुल का पुतला भी फूंका। विरोध प्रदर्शन करने वालों में किसान शरद सिंह, रोहित, राजू तिवारी, संजय चैरसिया, उदय राज सिंह आदि शामिल थे।