मुंबई : मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 32वें मैच में राजस्थान रॉयल्स को आठ रनों से हरा दिया। रॉयल्स के सामने जीत के लिए 188 रनों का लक्ष्य था लेकिन टीम सात विकेट खोकर 179 रन ही बना सकी। राजस्थान रॉयल्स को हालांकि ठोस शुरुआत मिली और अजिंक्य रहाणे (16) ने पहले ही ओवर में मिले एक जीवनदान की बदौलत शेन वाटसन (28) के साथ पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। रहाणे का कैच पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर जगदीश सुचित ने छोड़ा।
बहरहाल, चौथे ओवर में विनय कुमार ने रहाणे को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद संजू सैमसन (76) ने वाटसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 और फिर स्टीवन स्मिथ (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर रॉयल्स उम्मीदें कायम रखीं। मिशेल मैक्लेनगन ने हालांकि 18वें ओवर लगातार दो विकेट झटकते हुए मुंबई इंडियंस की वापसी का रास्ता खोल दिया। मैक्लेनगन ने ओवर की चौथी गेंद पर सैमसन और फिर करूण नायर (7) को चलता किया।
अगले ओवर में लसिथ मलिंगा ने दीपक हुड्डा (1) को भी पवेलियन भेज कर रॉयल्स की रही-सही उम्मीदें खत्म कर दी। सैमसन ने 46 गेंदों की पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। मुंबई इंडियंस की ओर से मैक्लेनगन ने तीन सफलताएं हासिल की। मलिंगा, विनय कुमार और सुचित को एक-एक विकेट मिला। इससे पूर्व, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। अंबाती रायडू ने 27 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 53 रनों की पारी खेली।
कीरन पोलार्ड (24) और अंबाती रायडू के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 29 गेंदों में 61 रनों की तेज साझेदारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बटोरे। पोलार्ड आखिरी ओवर में पवेलियन लौटे। मुंबई इंडियंस के लिए लेंडल सिमंस (38) और पार्थिव पटेल (23) ने 4.5 ओवरों में 43 रनों जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। सिमंस को मैच की दूसरी ही गेंद पर जीवनदान मिला। टिम साउदी की गेंद पर सिमंस ने बल्ला लगाया और गेंद विकेट के पीछे चली गई।
विकेटकीपर संजू सैमसन हालांकि उसे अपने दस्ताने में नहीं समेट सके। इसके बाद सिमंस ने मिले मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए 31 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें पारी के 10वें ओवर में अंकित शर्मा ने पगबाधा किया। बहरहाल, मुंबई इंडियंस का पहला विकेट धवल कुलकर्णी ने पार्थिव पटेल को अपनी ही गेंद पर कैच कर हासिल किया। पटेल ने 14 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए। तीसरे क्रम पर उतरे उन्मुक्त चंद ने केवल 13 रनों का योगदान दिया। चंद के पवेलियन लौटने के बाद रोहित शर्मा (27) ने चौथे विकेट के लिए रायडू के साथ 25 गेंदों में 36 रन जोड़े। रॉयल्स की ओर से धवल कुलकर्णी ने दो सफलता हासिल की। टिम साउदी, जुआन थेरोन और अंकित शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
NTIPL reserves the right to delete, edit, or alter in any manner it sees fit comments that it, in its sole discretion, deems to be obscene, offensive, defamatory, threatening, in violation of trademark, copyright or other laws, or is otherwise unacceptable.