महंगी पड़ सकती है दांतों की उपेक्षा
महंगी पड़ सकती है दांतों की उपेक्षा
Share:

दांत हमारे शरीर का वह हिस्सा हैं जिनके बिना हम भोजन की कल्पना नहीं कर सकते हम सभी हमेशा यह चाहते हैं कि हमारे दांत स्वस्थ व मजबूत रहें। दांतों की उपेक्षा जेब ही नहीं आपके स्वास्थ्य पर भी भारी पड़ सकती है। दांतों की देखभाल की जितनी जरूरत होती है उतनी ही जरूरत मसूढों की देखभाल की भी होती हैं। क्योंकि मसूड़े जितने मजबूत होते हैं दांत भी उतने ही मजबूत रहते हैं। दांत कितने भी स्वस्थ हों लेकिन यदि मसूड़े रोग से ग्रसित हैं तो दांतों के खराब होने का खतरा हमेशा बना रहता है। प्रारंभ में मसूढों से सूजन होती है और फिर कुछ समय बाद दांतों का हिलना भी शुरू हो जाता है। यदि इस स्थिति में दांतों की उचित  देखभाल न की जाए तो दांत गिरने शुरू हो जाते हैं। यदि दांत न भी हिलने लगें तो भी कुछ परेशानी का सामना करना ही पड़ता  है, जैसे, मुंह से बदबू आना, मसूढों से खून आना या मसूढों में दर्द होना आदि।  

वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेन्द्र सिंह के अनुसार मसूढों में सूजन आना ही पायरिया को जन्म देता है। यह एक बहुत आम बीमारी है। यह दुनिया के हर भाग में होती है। यदि कोई अपने, स्वास्थ्य के लिए जागरूक हो तो वह इस बीमारी से परेशान हुए बिना रह सकता है वरना 75 फीसदी लोग जीवन में कभी न कभी जिंजिंवाइटिस अर्थात मसूढों के सूजने से जरूर पीडि़त होते हैं। पायरिया का रोग अक्सर उसी स्थिति में होता है जब कोई अपने दांतों व मसूढों की साफ सफाई की ओर ध्यान नहीं देता। इससे दांतों और मसूढों के बीच भोजन के टुकड़े, लार और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं। इसे दंत चिकित्सक प्लाक कहते हैं।

प्लाक ब्रश करने के 4 से 12 घंटों के भीतर बनना शुरू होता है और अगर इसको रोकने के लिए जरूरी उपाय न किये जाएं तो यह होकर दांतों पर मैल की परत के रूप में जमा हो जाता है जिससे मसूढों में सूजन आती है। मसूढों के सूजने की वजह से उनका रंग सुर्ख हो जाता है। उनमें जलन भी होने लगती है। कभी-कभी उनमें से खून भी निकलता है। इस स्थिति में भी उपचार न किया जाए तो मसूढों के नीचे की हड्डी और दूसरे ऊतकों में भी सूजने और सडऩे का सिलसिला शुरू हो जाता है। इसे पेरीओडोंटाइटिस कहते हैं। इस स्थिति में पहुंचने के बाद मसूढों की दातों पर पकड़ ढीली हो जाती है और मंसूढे दांतों का साथ छोडऩे लगते हैं। नीचे से जबड़े की हड्डी गल जाती है, और उनमें पस बननी शुरू हो जाती है और फिर पहले तो दांत हिलते हैं और बाद में उनका गिरना प्रारंभ हो जाता है।

डॉक्टर्स का कहना हैं कि हमें अपने दांतों और मसूढों की अच्छी तरह से देखभाल करनी चाहिए ताकि सारी उम्र तक ये हमारे साथ रहें। इसके लिए कुछ आवश्यक सुझाव हैं जिन्हें पालन करना हम सभी के लिए आवश्यक है। जैसे दांतों और मसूढों को सुबह शाम एक निश्चित समय देना चाहिए। हमें ब्रश करने की क्रिया को अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए। इसे मात्र एक दैनिक क्रिया नहीं समझना चाहिए। सुबह उठने के बाद या नाश्ते के पश्चात और रात में सोने से पहले पांच मिनट समय निकालकर ठीक से ब्रश करें। इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें। चाहे कुछ भी हो पर आप हर हाल में ब्रश करने के बाद ही आप बिस्तर पर सोने के लिए जाएं। ब्रश करने का सही तरीका यह है कि ब्रश को मसूढों व दांतों के ऊपर 45 डिग्री कोण से धीरे-धीरे हल्के हाथ से घुमाएं। पहले गोल-गोल, फिर ऊपर से नीचे और फिर नीचे से ऊपर। ब्रश को गोलाकार घुमाने से मसूढों की मालिश होती है और ऊपर नीचे चलाने से दांतों में फंसे अन्न कणों के बाहर निकलने से दांतों की सफाई हो जाती है।

ब्रश करते समय हमें दांतों की बाहरी सतह के साथ-साथ अन्दरूनी सतह की भी सफाई करनी चाहिए। हमेशा नरम रेशों वाले ब्रश का ही इस्तेमाल करना चाहिए। यह दांतों और मसूढों के लिए कोमल रहता है। सख्त रेशों वाला ब्रश चाहे ज्यादा दिन तक चलता है मगर उससे दांतों का इनेमल जल्दी घिसता है। जो कि दांतों के लिए अच्छा नहीं होता। हर तीन महीने में ब्रश को बदलना चाहिए ताकि ब्रश के रेशों की कोमलता कायम रह सके। मुलायम ब्रश मसूढों और दांतों के लिए बहुत अच्छे होते हैं।

 कुल्ला करने की आदत भी मसूढों और दांतों के स्वास्थ्य के लिए काफी लाभदायक होती है। इससे मुंह में बचे अन्नकणों की काफी हद तक सफाई हो जाती है और बैक्टीरिया को पैदा होने का मौका भी नहीं मिलता। आज के आधुनिक युग में हम कुल्ला करने जैसी छोटी सी आदत को भूलते जा रहे हैं पर हमें इस छोटी सी आदत के फायदों को ध्यान में रखकर इसे अपना लेना चाहिए। कुछ भी खाने के बाद हमें कुल्ला अवश्य करना चाहिए। फ्लौसिंग (धागे से दांतों की सफाई) दांतों में फंसे भोजन के कण व प्लाक निकालने के लिए काफी लाभदायक क्रिया है। दांतों के बीच फ्लास से उनकी निरंतर सफाई करनी चाहिए। इसके लिए 45 सेंटीमीटर का फ्लास इस्तेमाल करते हुए उसे दांतों के बीच डालकर धीरे-धीरे आगे-पीछे करते हुए दांत की जड़ तक सफाई करनी चाहिए।

दांतों की सफाई रखने के लिए हमें माउथवाश का भी इस्तेमाल करना चाहिए। लिस्ट्रीन जैसा माउथवाश बैक्टीरियारोधक होता है और मसूढों और दांतों को प्लाक से बचाकर रखता है। मसूढों में हल्की सी भी परेशानी महसूस होने पर दिन में दो-तीन बार इससे कुल्ला कर लेने से तकलीफ में काफी हद तक राहत मिल सकती है। यदि मसूढों और दांतों पर मैल (टार्टर) जम जाए तो इसकी तुरंत ही किसी दंत चिकित्सक से सफाई करवानी चाहिए। इसके लिए आजकल कई तकनीकें हैं। जैसे साधारण स्केलिंग, अल्ट्रासाउंड स्केलिंग आदि। इन तकनीकों से मैल से छुटकारा पाकर दांतों और मसूढों की मजबूती बढ़ जाती है। अक्सर यह सोचा गया है कि इससे दांत कमजोर हो जाते हैं। यह धारणा सरासर गलत है इससे उल्टे दांतों व मसूढों की उम्र बढ़ जाती है।

टैनिक एसिड युक्त गम पैंट से मालिश करने से मसूड़े मजबूत होते हैं। पायरिया के प्रारंभिक चरण में यह लाभदायक होता है। यदि मसूढों की अच्छी तरह से देखभाल के बाद भी मसूढों में बार-बार सूजन आती है तो अपने ब्लड शुगर का चेक करा लेना चाहिए। ब्लड शुगर बढऩे पर भी यह तकलीफ हो सकती है। डायबिटीज के रोगियों को इस ओर खासतौर पर सावधान रहना चाहिए। मसूढों में सूजन आने पर और उनमें खून या पस आने पर किसी भी प्रकार की असावधानी नहीं बरतनी चाहिए। ऐसा होने पर दंत चिकित्सक से इलाज कराने में बिल्कुल भी देर नहीं करनी चाहिए क्योंकि प्रारंभिक अवस्था में एंटिबायोटिक, सूजन और दर्द दूर करने वाली दवा तथा गम पैंट के इस्तेमाल और स्केलिंग से स्थिति काबू में आ सकती है।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -