देवास : देवास के महाराज और मप्र शासन के पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक तुकोजीराव पवार की अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। उनकी अंतिम यात्रा महल से देवास शहर से होकर छत्रीबाग पहुंचेगी। अंतिम यात्रा के पहले करीब 1:15 बजे उनके पुत्र विक्रम राव पवार का राजतिलक किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग महल में उपस्थित थे। अंतिम यात्रा में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश के कई मंत्री और विधायकों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेता भी पहंचे।
अंत्य विधि भी परंपरागत रूप से परिवार का सदस्य करेगा। रियासतकालीन परंपरा है कि महाराज के निधन के बाद युवराज द्वारा अंत्यविधि न की जाकर उसी कुल का दूसरा पारिवारिक सदस्य यह विधि करता है। बताया जा रहा है कि अंत्य विधि पवार परिवार के अजित पवार द्वारा की जाएगी। महापौर सुभाष शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।