विपक्ष भी हुआ अमित शाह का मुरीद, TMP अध्यक्ष ने कहा- शुक्रिया गृह मंत्री

अगरतला: त्रिपुरा में माणिक साहा और 9 मंत्रियों द्वारा शपथ लेने के बाद भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्य विपक्षी पार्टी के नेता प्रद्योत किशोर देववर्मा से मुलाकात की। देववर्मा टिपरा मोथा पार्टी (TMP) के अध्यक्ष हैं, जो चुनाव में 13 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। बाद में देववर्मा ने बताया कि गृह मंत्री ने आदिवासियों की काफी समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने के लिए वार्ताकार की नियुक्ति का भरोसा दिया है। हालांकि, इस बैठक में गठबंधन या फिर कैबिनेट शेयरिंग को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। पहले चर्चा थी कि TMP भी भाजपा-IPFT सरकार में शामिल हो जाएगी। 

प्रद्योत देववर्मा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'त्रिपुरा के लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए गृह मंत्री ने संवैधानिक प्रक्रिया आरंभ कर दी है। एक समयसीमा के भीतर ही वार्ताकार की नियुक्ति कर दी जाएगी। मैं लोगों की वास्तविक समस्या को समझने के लिए गृह मंत्री को धन्यवाद देता हूं। हम चाहते हैं कि हमारे ब्रू लोगों का पुनर्वास हो। हमारे लोगों की हितों पर ही बातचीत हुई। गठबंधन और कैबिनेट के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई।' बता दें कि देववर्मा ने 2021 में ही TMP का गठन किया था, जो कि 60 सीटों वाली विधानसभा में 13 सीटें पाकर मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है। 

शपथ ग्रहण समारोह के बाद गृह मंत्री अगरतला में गेस्ट हाउस पहुंचे। इससे पहले उन्होंने माँ त्रिपुर सुंदरी मंदिर में माथा टेका।  उनकी प्रद्योत देववर्मा के साथ बैठक करीब दो घंटे चली। इस बैठक में भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी उपस्थित थे। बाद में पात्रा ने बताया कि, हमने आदिवासी समाज के विकास के लिए अहम बैठक की। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र को ध्यान में रखते हुए हम आदिवासियों की समस्याओं को हल करने पर कार्य करते रहेंगे।

बता दें कि जब TMP महज 2 महीने पुरानी पार्टी थी, तभी उसने त्रिपुरा ट्राइबल एरिया ऑटोनोमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल के चुनाव में 28 सीटों पर जीत दर्ज कर ली थी और लेफ्ट को उखाड़ फेंका था। TMP के चुनावी अजेंडे में ग्रेटर टिपरालैंड शामिल था। वहीं टिपरा मोथा ने विधानसभा चुनाव में 42 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 13 ने जीत हासिल की। टिपरा मोथा ने चुनाव से पहले भाजपा और लेफ्ट-कांग्रेस से गठबंधन करने से मना कर दिया था। 

100 रैलियां करेंगे पीएम मोदी, दक्षिण-ओडिशा-बंगाल पर होगा फोकस, भाजपा का 'प्लान 2024' तैयार

शराब घोटाला: तेलंगाना सीएम KCR की बेटी के कविता भी होंगी गिरफ्तार?

दिल्ली सरकार में मंत्री बने आतिशी और सौरभ भारद्वाज, राष्ट्रपति ने मंजूर किया सिसोदिया और जैन का इस्तीफा

 

Related News