दिल्ली में अपराधी बेख़ौफ़, 19 वर्षीय युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शुक्रवार रात एक 19 साल के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रात लगभग 10.40 बजे लड़के के सीने में गोली मारी गई। मृतक सोहेल बीते छह वर्षों से श्रीराम कॉलोनी में अपने चाचा के साथ रह रहा था। वह एक गारमेंट फैक्ट्री में कार्य करता था।

सोहेल के चचेरे भाई मुबारक अंसारी ने कहा है कि सोहेल मेरी मौसी का पुत्र है। वह यहां हमारे साथ रहता था। मुझे अपने दोस्त से घटना के संबंध में पता चला। जब मैं वहां पहुंचा तो मैंने सोहेल को जमीन पर पड़ा हुआ देखा। मुझे बताया गया कि कुछ लोगों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और सोहेल को अस्पताल ले गई है। हम चाहते हैं कि पुलिस जल्द ही कातिल की पहचान कर ले। अंसारी ने कहा कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह काम पर जाता था और सीधे घर आता था। वह बीते छह साल से हमारे साथ ही रह रहा था। हमने आज तक किसी के साथ उसकी लड़ाई के बारे में कभी नहीं सुना। 

घटना के फ़ौरन बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक शख्स खून से लथपथ पड़ा है। जांच करने पर उसके सीने पर गोली लगने का चिन्ह पाया गया है। उसे पास के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपराध के सबूत एकत्रित करने के लिए फॉरेंसिक व क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस की तरफ से IPC की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक, एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी खोज की जा रही है। 

इंदौर पुलिस द्वारा बर्बरता से युवको को मारने का वीडियो हुआ वायरल

5 बेटों और 1 बेटी के बाद भी अकेला रह गया पिता, तंग आकर घोंटा 65 वर्षीय पत्नी का गला, और फिर...

प्रेमिका से परेशान होकर युवक ने की ख़ुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा- GF मेरी मौत की जिम्मेदार

 

Related News