'हमारी सरकार आई, तो परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे..', INDI अलायन्स के दल ने किया वादा, भड़के प्रधानमंत्री मोदी

बाड़मेर: लोकसभा चुनाव जैसे जैसे नज़दीक आ रहे हैं, पार्टियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के बाड़मेर पहुंचे हैं, जहाँ उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जनता के सामने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी रखीं और देश पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली पार्टी कांग्रेस पर निशाना भी साधा। अपना संबोधन शुरू करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, ये जनसैलाब, ये जनसमर्थन बताता है कि बाड़मेर की जनता BJP को भरपूर आशीर्वाद देने का संकल्प ले चुकी है। इस चुनाव में आपका एक-एक वोट विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा। ये चुनाव दल का नहीं, देश का चुनाव है। इसलिए आज पूरा देश कह रहा है - 4 जून, 400 पार! 

प्रधानमंत्री ने कहा कि, बाड़मेर हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता स्व. जसवंत सिंह जी का क्षेत्र है। यहां के लोगों ने हमेशा मुझे बोला है - मोदी जी आप देश के दुश्मनों को सबक सिखाओ, बाड़मेर जिताने की जिम्मेदारी हमारी। आप इस बार भी, पहले से ज्यादा वोटों से BJP को जिताएंगे, ये मेरा पक्का विश्वास है। पीएम मोदी ने कहा कि जिस राजस्थान के लोगों ने देश को अपने लहू से सींचा, उस राजस्थान को कांग्रेस ने पानी के लिए प्यासा रखा। जितने दिन राजस्थान में कांग्रेस सरकार रही, उसने जल जीवन मिशन में भी जमकर भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस ने राजस्थान तक पानी लाने के लिए ERCP परियोजना भी पूरी नहीं होने दी थी। कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है। ये लोग देश के सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव कहते हैं। ये लोग सीमावर्ती जिलों को, गांवों को जान-बूझकर विकास से वंचित रखते थे।

उन्होंने आगे कहा कि, हम सीमावर्ती इलाकों को, सीमावर्ती गांवों को आखिरी गांव नहीं, देश का प्रथम गांव मानते हैं। हमारे लिए देश की सीमाएं यहां पूरी नहीं होती, हमारे लिए यहां से देश शुरू होता है। आज अगर देश में 4 करोड़ गरीबों को पीएम आवास मिले हैं, तो मेरे बाड़मेर में भी पौने 2 लाख गरीबों को पक्के आवास का लाभ मिला है। भाजपा सरकार देश की आखिरी सीमा तक सड़कें और हाइवे बना रही है। हमने बाड़मेर में मेडिकल कॉलेज भी खोला है। आज सीमावर्ती बाड़मेर में 72,000 करोड़ रुपये लागत की रिफाइनरी शुरू होने जा रही है। आने वाले समय में इस इलाके में रोजगार के अवसर पैदा होंगे, युवाओं के लिए नए रास्ते बनेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि, यहां के एयरपोर्ट में भी पिछली सरकार ने जमकर रोड़े अटकाए थे। अगर कांग्रेस ने बेवजह ब्रेक न लगाया होता, तो यहां का एयरपोर्ट 2 साल पहले ही चालू हो जाता। कांग्रेस ने जिन लोगों को दशकों तक नहीं पूछा, मोदी उनको पूजता है। हमारे आदिवासी समाज के बच्चे आगे बढ़ें, इसके लिए हम एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोल रहे हैं। आदिवासी समाज को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए हम अभियान चला रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, कांग्रेस के मेनिफेस्टो में तो बंटवारे की गुनहगार मुस्लिम लीग की छाप है। अब इंडी अलायंस में शामिल एक और दल ने देश के खिलाफ बहुत खतरनाक ऐलान किया है। जिस पोखरण की धरती ने भारत को परमाणु शक्ति से संपन्न किया, अब INDI अलायंस का कहना है कि हम भारत के परमाणु हथियार नष्ट कर देंगे। भारत जैसा देश, जिसके दो-दो पड़ोसियों के पास परमाणु हथियार हो, उस भारत के परमाणु हथियार INDI अलायंस नष्ट करना चाहता है। ये कैसा गठबंधन है, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है?  

बता दें कि, INDI अलायन्स में शामिल कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPIM) ने हाल ही में अपना घोषणापत्र जारी किया था। इसमें उन्होंने वादा किया था कि, अगर उनकी (INDI गठबंधन की) सरकार बनी, तो परमाणु हथियार, रासायनिक और जैविक हथियारों सहित सामूहिक विनाश के अन्य हथियारों को नष्ट कर दिया जाएगा। CPIM की इस घोषणा पर INDI अलायन्स के बाकी राजनितिक दलों की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पीएम मोदी ने इसी को लेकर निशाना साधा है।  

शराब घोटाला मामले में कोर्ट पहुंचे मनीष सिसोदिया, चुनाव प्रचार करने के लिए मांगी जमानत

अब लड़कियों को पीरियड्स पर मिलेगी छुट्टी ! इस यूनिवर्सिटी ने कर दिया बड़ा ऐलान

लड़के को कमरे में ले जाकर महिलाओं ने किया घिनौना काम और फिर...

 

Related News