क्यों पड़ता है दिल का दौरा?, जानिए क्या है लक्षण और बचने के लिए क्या करें?
क्यों पड़ता है दिल का दौरा?, जानिए क्या है लक्षण और बचने के लिए क्या करें?
Share:

दिल का दौरा पड़ना आज के समय में बहुत सामान्य बात हो गई है। आज के दौर में गलत खान-पान से लेकर अन्य कई वजह हैं जिनके चलते लोग दिल के दौरे का शिकार हो जाते हैं। दिल का दौरा पड़ना आजकल उम्र के हिसाब से बिलकुल नहीं आँका जा सकता। 26 की उम्र हो या 70 की दिल का दौरा किसी भी उम्र में पड़ सकता है और इससे जानलेवा कुछ और नहीं कहा जा सकता है। दिल का दौरा पड़ने से अब तक हमने ना जाने कितने लोगों को खो दिया। इस लिस्ट में बड़े-बड़े स्टार से लेकर छोटे-मोटे लोग तक शामिल है। खैर अब आज हम आपको दिल का दौरा पड़ने के कारण, लक्षण, इससे बचाव के तरीके, दिल को मजबूत रखने के लिए क्या खाएं और क्या ना खाएं, दिल को मजबूत रखने के लिए कौन सा योगा करें, और इसी के साथ अन्य चीजें जो आपको जाननी चाहिए। अब हम सबसे पहले जानते हैं कि आखिर क्यों पड़ता है दिल का दौरा?

क्यों पड़ता है दिल का दौरा- दिल का दौरा पड़ने के लिए सबसे अहम वजह के बारे में बात करें तो इस लिस्ट में हाई ब्लड कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर, धूम्रपान, अनियमित आहार, जंक फूड खाना, अधिक मसालेदार भोजन, धूम्रपान, मादक द्रव्यों का सेवन, तनावपूर्ण जीवन और मोटापा शामिल है। यह सब वह चीजें हैं जो दिल को कमजोर करती हैं और फिर दिल का दौरा पड़ता है। इसके अलावा अगर आप किसी तरह का शारीरिक श्रम नहीं करते हैं, शरीर को हिलाते-डुलाते नहीं हैं तो भी दिल का दौरा पड़ने की संभावना बढ़ जाती है। यह कभी भी किसी भी वक्त पड़ सकता है। डॉक्टर्स की माने तो दिल को जरूरी ऑक्सीजन पहुंचाने वाली कोरोनरी ऑरटरीज जब जरूरत के मुताबिक खून की आपूर्ति नहीं कर पाती हैं तो लोग सीने में दर्द की शिकायत करते हैं, जिसे एंजाइना कहा जाता है। जी दरअसल, शरीर में खून पहुंचाने के लिए दिल किसी पंप की तरह से काम करता है, और इस पंप को चालू रखने के लिए दिल तक खून पहुंचाने वाली रक्त वाहिका को ही कोरोनरी ऑरटरी कहा जाता है। ऐसे में कुछ लोगों को पता ही नहीं होता कि वे कोरोनरी ऑरटरीज डिजीज (सीएडी) से पीड़ित हैं।

वहीं दूसरी तरफ सीएडी पीड़ित लोगों को या तो सांस लेने में परेशानी होती है या फिर पैर और टखनों में सूजन आने लगती है। वहीं उसके बाद एक समय ऐसा आता है जब दिल से जुड़ी उनकी ऑरटरी पूरी तरह से काम करना बंद कर देती है और तभी दिल का दौरा पड़ता है। सरल शब्दों में समझे तो जब किसी व्यक्ति के दिल तक रक्त प्रवाह (Blood Flow) में ब्लॉकेज हो जाती है। जी हाँ और यह ब्लॉकेज वसा, कॉलेस्ट्रॉल और अन्य तत्वों के बनने के कारण होती है, धमनियों में ठोस पदार्थ बन जाती है, जिसकी वजह से दिल पर दबाव पड़ता है। वैसे तो आमतौर पर, ठोस पदार्थ टूट जाते हैं और क्लोट का रूप ले लेते हैं। इसी के साथ यह बाधित रक्त प्रवाह दिल की मांसपेशियों को नष्ट या खराब कर सकता है और इस स्थिति का सबसे गंभीर परिणाम दिल का दौरा यानी हार्ट अटैक होता है।

क्या होते हैं दिल का दौरा पड़ने के लक्षण-

पुरुषों में हार्ट अटैक के लक्षण:- अब अगर हम पुरुषों के बारे में बात करें तो पुरुषों में पाए जाने वाले हार्ट अटैक के मुख्य लक्षणों में 3 लक्षण शामिल है। सबसे पहला लगातार खर्राटा लेना और सोते समय पर्याप्त ऑक्सीजन न खींच पाना। इसके अलावा नींद पूरी न होना भी हार्ट अटैक का खतरा बढ़ाने वाला होता है और आपको इसका इलाज जल्द से जल्द करवा लेना चाहिए। अगर टहलते समय आपके पैरों में दर्द हो रहा है और इसके अलावा पेट में दर्द होना और ऊपरी पीठ दर्द होना भी दिल का दौरा पड़ने के लक्षणों में शामिल है। इस वजह से इन सभी को कभी भी नजरअंदाज ना करें तो ही आपके लिए बेहतरीन होगा। 


महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण:- अगर हम महिलाओं के बारे में बात करें तो उनके सीने में और स्तन में दर्द होना शुरूआती लक्षण है। इसके अलावा शरीर के ऊपरी भाग में यानि गर्दन, पीठ, दांत, भुजाएं और कंधे की हड्डी में तेज़ दर्द होना। इसी के साथ चक्कर आना, बेचैनी महसूस करना, या सिर घूमना, जी मचलाना, उलटी, पेट खराब होना भी अन्य लक्षण है। इन लक्षणों के अलावा जबड़े में दर्द होना, सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी होना और भारी सांस लेना भी लक्षणों में शामिल है।  आपको बता दें कि 55 साल की उम्र में महिलाओं में हॉर्मोन्स के बदलाव के वजह से अचानक पसीना आना बहुत सामान्य होता है लेकिन अगर अचानक पसीना आता है तो यह हार्ट अटैक का मुख्य लक्षण हो सकता है। 

दिल का दौरा पड़ने के सामान्य 12 लक्षण- 
सीने में दर्द। 
शरीर के दूसरे हिस्सों में दर्द। 
मन अशांत लगना या चक्कर आना। 
पसीने से तरबतर होना।
सांस लेने में तकलीफ़।
मतली आना, उल्टी जैसा लगना।
बेचैनी महसूस हो।
खांसी के दौरे, ज़ोर-ज़ोर से सांस लेना।
बहुत ज्यादा ठंडा पसीना आना। 
खांसी और जुकाम का ठीक न होना
लगातार उल्टी होना।
कमजोरी, पैर और हाथों का ठंडा पड़ना। 

दिल को मजबूत रखने के क्या खाएं -
अखरोट- अगर आप अपने दिल को सबसे मजबूत बनाना चाहते हैं तो हर दिन अखरोट का सेवन करना आपके लिए लाभकारी है। इसको खाने से हृदय रोग होने की संभावना सबसे कम हो जाती है। 

मछली- दिल (heart) को स्वस्थ रखने के लिए आपको मछली का सेवन भी करना चाहिए। जी हाँ और इसके लिए हफ्ते में कम से कम दो बार मछली जरूर खाएं। सार्डीन, सैमन, मैकरल मछलियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड्स पाए जाते हैं इस वजह से अगर आप इन मछलियों का सेवन करते हैं तो आपका दिल मजबूत बना रहेगा। 

​अलसी के बीच- इसके भी नियमित सेवन से हृदय मजबूत होता है। यह दिल के लिए सबसे जरूरी आहार की लिस्ट में शामिल है।

बादाम- अगर आप बादाम खाएंगे तो भी आपका दिल मजबूत बना रहेगा। बादाम को आपको रात को भिगोना है और सुबह खाना है इससे केवल दिल ही मजबूत नहीं होगा बल्कि अन्य कई बीमारियों से भी आपको निजात मिल सकती है। बादाम रक्त कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में बेहद लाभकारी है। 

दही- अगर दिल को सेहतमंद रखना है तो अपने खाने में दही शामिल करें लेकिन ध्यान रहे दिन में दही खाए लेकिन रात में नहीं। वैसे दही को कैल्शियम का भी अच्छा स्त्रोत माना जाता है और यह जोड़ों के दर्द से भी राहत दिलवाने के लिए कारगर है। वैसे दही को आप कई तरह से अपने खाने में शामिल कर सकते हैं। जैसे आम दही, रायता बनाकर या फिर लस्सी बनाकर। 

फाइबर खाएं- अगर आप हृदय रोग के खतरे को कम से कम करने के बारे में सोच रहे हैं और खुद को सेहतमंद रखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको पर्याप्त मात्रा में फाइबर खाना चाहिए। आप दिन में कम से कम 30 ग्राम फाइबर खाने का लक्ष्य रखेंगे तो आपको फायदा होगा। जी दरअसल विभिन्न स्रोतों से फाइबर खाया जा सकता है। जैसे- साबुत अनाज का ब्रेड, ब्रैन, ओट्स और साबुत अनाज सीरियल, आलू (छिलके के साथ) और पर्याप्त फल और सब्जियां। यह सभी आपके शरीर को फाइबर देंगी और आपका दिल मजबूत बना रहेगा। 

वर्जिन ऑलिव ऑयल- अगर आप अपने दिल को मजबूत रखना चाहते हैं तो दिल के लिए वर्जिन ऑलिव ऑयल खाना शुरू कर दें क्योंकि इसे सबसे अधिक हेल्दी माना जाता है। यह शरीर को मोनोअनसैचुरेटेड फैट्स प्रदान करता है। आपको शायद ही पता हो कि ऑलिव ऑयल यानी जैतून के तेल के अलावा दूसरे तेलों में ट्रांस फैट ज्यादा होता है, जो कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने और खून के बाधित होने का खतरा पैदा करते हैं।

बीन्स, मटर, चना और दाल- अगर आप अपने दिल को मजबूत बनाने के ख्याल में हैं तो इन सभी चीजों का सेवन करना शुरू कर दें। हर दिन एक-एक चीज का सेवन भी आपके दिल को मजबूत बना देगा और आप आसानी से दिल का दौरा पड़ने के खतरे से बचे रहेंगे। जी दरअसल इन सभी खाद्य पदार्थों में खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने की क्षमता होती है। इनमें फाइबर, प्रोटीन और एंटीऑक्सिडेंट पॉलीफेनोल्स भरपूर मात्रा में होता है इस वजह से दिल का दौरा पड़ने का खतरा बहुत कम हो जाता है। 


एवोकैडो, लहसुन और टोफू - आप अपने दिल को मजबूत रखने के लिए इन तीनों चीजों को अपने खाने में शामिल कर सकते हैं। लहसुन के बारे में बात करें तो आप उसे सब्जी में, दाल में या फिर चटनी बनाकर कई तरह से खा सकते हैं। यह तीनो आपके दिल को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। 


ओटमील, योगर्ट, ब्लूबेरी और चेरी- दिल को मजबूत बनाने में इन सभी की भी अहम भूमिका है। अगर आप इन सभी चीजों का सेवन करते हैं तो भी दिल का दौरा पड़ने का खतरा कम हो जाता है। दिल के दौरे से बचना चाहते हैं तो आप हर दिन ओटमील, योगर्ट, ब्लूबेरी और चेरी में से कोई ना कोई एक चीज खाते रहे। 

अर्जुन की छाल, अश्वगंधा और मुलेठी –  दिल को मजबूत बनाने के लिए बेहतरीन और असरदार तरीका यही है। 50 ग्राम अर्जुन की छाल का पाउडर, 50 ग्राम अश्वगंधा पाउडर और 50 ग्राम मुलेठी यानी यास्तिमधू पाउडर का मिश्रण तैयार कर लें। इसके बाद तीनो को अच्छे से मिलाकर एक डब्बे में डाल लें। उसके बाद इस मिश्रण का प्रयोग हर रोज दिन में 2 बार करें, एक बार सुबह खाना खाने के बाद आधा गिलास पानी में 1 छोटी चम्मच पाउडर मिलाकर और एक बार इसी तरह शाम को। इस तरह से आपको फायदा होगा। 

दिल को मजबूत रखने के क्या ना खाएं - 

चीनी, नमक, वसा - अगर आप अपने दिल को मजबूत बनाने में लगे हुए हैं तो आपको अधिक मात्रा में नमक, चीनी, संतृप्त वसा का सेवन करना छोड़ देना चाहिए क्योंकि यह सबसे अधिक दिल के दौरे या स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ाने वाले होते हैं। 

रेड मीट - अगर आप नियमित रूप से इसका सेवन कर रहे हैं तो आज ही छोड़े क्योंकि इसका सेवन भी आपके लिए घातक हो सकता है। इसके अधिक सेवन से बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है और दिल का दौरा पड़ने का खतरा भी अधिक हो जाता है। 

सोडा - सोडा तो आप जानते ही होंगे कि इसमें शुगर की मात्रा बहुत अधिक होती है जो कि उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों को बढ़ाने का कारण बन सकता है। ऐसे में इसके सेवन से दिल का दौरा पड़ने के खतरा बढ़ता है। 

डिब्बाबंद फूड, बेक्ड फूड, प्रोसेस्ड फूड, पेस्ट्री- ये सभी भी दिल को कमजोर बनाते हैं और दिल का दौरा पड़ने का कारक बनते हैं। 

शराब का सेवन कम कर दें - दिल को सबसे अधिक कमजोर बनाने में शराब का नाम पहले नंबर पर आता है। अगर आप शराब का सेवन करते हैं तो या तो उसे कम कर दें या फिर बंद कर दें। ऐसा इसलिए क्योंकि यह दिल को कमजोर बनाने का काम करती है और दिल को इससे काफी अधिक नुकसान पहुँचता है। 

धूम्रपान बंद करें - दिल का दौरा पड़ने का खतरा उनमे सबसे अधिक देखा जाता है जो लोग धूम्रपान करते हैं। अगर आप भी इस लिस्ट में शामिल है तो या तो धूम्रपान कम कर दें या फिर हो सके तो छोड़ ही दें। जी दरअसल यह ऐसी चीज है जो आपके दिल को धीरे-धीरे बहुत खराब कर देती है और आप दिल का दौरा पड़ने के शिकार हो जाते हैं। 

इन सभी के अलावा तले हुए खाद्य पदार्थ, व्हाइट ब्रेड, पास्ता , चावल, एल्कोहल, शराब, मक्खन, फ्रेंच फ्राइस, फ्राइड चिकन, मेयोनेज़, केचअप, जंक फूड, जैसे- आलू के चिप्स, कुकीज और आइसक्रीम यह सभी दिल को नुकसान पहुंचाने वाली चीजें हैं। तो आप जितनी कम मात्रा में इन सभी का सेवन करेंगे उतना ही आपका दिल मजबु रहेगा और आप दिल का दौरा पड़ने के खतरे से बचे रहेंगे।  


दिल को मजबूत रखने के योगा- दिल को मजबूत बनाने के लिए योगा सबसे अहम है। अगर आप हर दिन करीब 1 घंटे तक योगा करेंगे तो आपका दिल वैसे ही मजबूत होने लगेगा और दिल का दौरा पड़ने का खतरा अपने आप कम हो जाएगा। आप अपने नियमित दिनचर्या में दौड़ना, घूमना , रस्सी कूदना, उछलना , किक करना शामिल कर सकते हैं क्योंकि यह भी आपके दिल को मजबूत बनाने के लिए कारगर है।

ताड़ासन - इसको करने के लिए फर्श पर सीधे खड़े हो जाएं, पैरों के बीच दो इंच की दूरी रखते हुए हाथों को कंधे तक उठाएं। उसके बाद हथेलियों को सामने रखकर दोनों हाथों की उंगलियों को आपस में गूथें, फिर धीरे से कलाइयों को बाहर की तरफ मोड़ें। अब इसके बाद सांस अंदर लेते हुए हाथों को कंधे की सीध में उठाएं और सिर के ऊपर ले जाएं, एड़ियां उठाते हुए पंजों के बल खड़े हो जाएं। अब बिना संतुलन खोए या पैरों को हिलाए सामान्य रूप से सांस लें और छोड़ें, 10-15 सेकेंड इस मुद्रा में रहें। इसके बाद आप सांस बाहर छोड़ते हुए धीरे-धीरे एड़ी जमीन पर ले जाएं, उंगलियां खोलते हुए हाथ नीचे करें और सीधे खड़े हो जाएं। इस तरह से अगर आप करेंगे तो दिल मजबूत बना रहेगा। हालाँकि ध्यान रहे -उच्च रक्तचाप, चक्कर, वर्टिगो या पैरों की नसों में सूजन की शिकायत हो तो यह योगा ना करें। 

भुजंगासन- दिल को मजबूत बनाने के लिए यह योगा भी बेहतरीन माना जाता है। आप इसे आसानी से कर सकते हैं और नियमित करने से आपका दिल मजबूत होने लगेगा। इसको करने के लिए समतल और स्वच्छ जमीन पर दरी बिछाकर पेट के बल लेट जाएं और थोड़ी देर आराम करें। अब इसके बाद पुश अप मुद्रा में आकर शरीर के अगले हिस्से को उठाएं। अब अपने धड़ को आगे की दिशा में उठाकर रखना होता है। ध्यान रहे इस मुद्रा में अपनी शारीरिक क्षमता अनुसार रहें। उसके बाद अंत में पहली अवस्था में आ जाएं।इस योगा को आप दिन में 10 बार कर सकते हैं और यह आपके दिल को मजबूत बनाने में सबसे लाभकारी है। 

धनुरासन - इस योगा को करने के लिए आपको जमीन पर लेता है और उसके बाद अपने दोनों हाथों को पीछे ले जाकर अपने पैरों को मोड़ते हुए पकड़ना है और उसके बाद अपनी छाती को ऊपर कर लेना है। इस तरह से आप धनुष के समान दिखने लगेंगे। इस योगा को करने से पूरे शरीर को गहरा खिंचाव प्रदान करने वाला धनुरासन हृदय क्षेत्र को मजबूती देता है।

त्रिकोणासन - दिल को सेहतमंद रखने के लिए त्रिकोणासन भी बेहतरीन माना जाता है। इसको करने के लिए आपको ज्यादा म्हणत नहीं करनी है।  जी दरअसल यह खड़े रहकर की जाने वाली हृदय को खोलने वाली मुद्रा है। जी हाँ और यह मुद्रा हृदयवाहिनी तन्त्र को लाभ पहुँचाती है। गहरी साँस लेने से छाती का फैलाव होता है और इसके अलावा सामर्थ्य में बढ़ोतरी होती है।

शवासन - दिल को मजबूत रखने के लिए यह आसान बेहतरीन है। इस आसन में आपको जमीन पर पीठ के बल लेटना है। दोनों हाथों को, दोनों पैरों को सीधा रखना है और गहरी और लंबी-लंबी साँसे लेना है। जी दरअसल सभी योग मुद्राओं के बाद शवासन करना चाहिए क्योंकि इससे गहरा विश्राम मिलता है। इससे शरीर व श्वांस में सूक्ष्म परिवर्तन आते हैं जो पूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।


दिल को मजबूत रखने के लिए और क्या करें - 

वजन नियंत्रित रखे- अगर आपका वजन बढ़ा हुआ है तो दिल का दौरा पड़ने का खतरा सबसे अधिक होता है। जिन लोगों का वजन बढ़ा हुआ होता है वह दिल के दौरे का जल्दी शिकार हो जाते हैं। दिल का दौरा पड़ने के खतरे से बचने के लिए अपने वजन पर नियंत्रण रखे। अगर आपका वजन बढ़ा हुआ है तो उसे कम करें और दिल का दौरा पड़ने के खतरे से बचे रहे। 

डायबिटीज पर नियंत्रण रखें- अगर आपको डायबिटीज है, तो आपको अलर्ट हो जाना चाहिए। आपको हृदय रोग से बचने के लिए यह जरूरी है। जी दरअसल एक मधुमेह रोगी में उच्च कैलोरी स्तर उसे दिल की बीमारी का खतरा बना देता है इस वजह से मधुमेह को नियंत्रित करने के लिए नियमित जांच की जानी चाहिए।

रोजाना ब्रश करें- अगर आप दिल के दौरे के खतरे से बचे रहना चाहते हैं तो दाँतों की सफाई पर ध्यान दें। जी दरअसल दाँतों की सफाई और हृदय स्वास्थ्य एक दूसरे से सम्बन्धित होते हैं। ऐसे में दाँतों का स्वास्थ्य आपके संपूर्ण हृदय स्वास्थ्य को निर्धारित करने में एक प्रमुख भूमिका निभाता है। इस वजह से दांतों को साफ़ रखना जरुरी है। जी दरअसल मसूड़ों की बीमारी हृदय रोग का खतरा बढ़ाती है। इस वजह से हर दिन ब्रश करें। 

तनाव ना लें- अगर आप छोटी से छोटी बात को मन में रख लेते हैं और उसी के बारे में सोच-सोचकर परेशान होते रहते हैं तो इसको भी छोड़ दें वरना दिल का दौरा आपको आसनी से अपनी चपेट में ले सकता है। दिल का दौरा पड़ने से बचने के लिए आपको तनाव नहीं लेना है और एक ही चीज के बारे में सोचकर अपने दिमाग को तकलीफ नहीं देनी है। 

गुस्सा कम करें- अगर आप गुस्से वाले व्यक्ति हैं तो आपको गुस्सा या तो छोड़ देना चाहिए या फिर कम कर देना चाहिए क्योंकि यह गुस्सा आपके दिल को कमजोर करता है और आप दिल का दौरा पड़ने का शिकार हो जाते हैं। गुस्से में आपका ब्लड प्रश्न भी बढ़ा जाता है और दिल कमजोर होने लगता है। 


अगर आप इन सभी बातों का ध्यान रखते हैं तो आप अपने दिल को मजबूत बना सकते हैं और दिल का दौरा पड़ने के खतरे से बच सकते हैं। 

बिना जिम जाए कैसे रखे खुद को फिट?, जानिए क्या खाएं-क्या ना खाएं और घरेलू उपाय

बड़ी खबर: तेज चलने से 34 फीसदी कम होता है हार्टअटैक का खतरा, नई रिसर्च में खुलासा

गर्भावस्था में रनिंग करना चाहिए या नहीं? जानिए फायदे और नुकसान

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -