दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की जानी मानी मशहूर अभिनेत्री शोभिता धुलिपाला इन दिनों अपनी शादी की तैयारियों और रस्मों में व्यस्त हैं। वह 4 दिसंबर को साउथ के जाने-माने अभिनेता नागा चैतन्य के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। इस खास मौके को लेकर उनके परिवार और दोस्तों में उत्साह का माहौल है। उनकी शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं, जिसमें हल्दी और मंगल स्नान के बाद अब पारंपरिक पेलिकुथुरु रस्म भी पूरी हो चुकी है।
पेलिकुथुरु रस्म का महत्व
पेलिकुथुरु साउथ इंडिया में शादी से पहले होने वाली एक महत्वपूर्ण रस्म है। यह रस्म दूल्हे और दुल्हन के परिवारों के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों को निभाने का प्रतीक है। इस रस्म में दूल्हे का परिवार होने वाली बहू का औपचारिक रूप से स्वागत करता है तथा उसे अपने परिवार का हिस्सा मानकर आशीर्वाद देता है। दुल्हन को इस रस्म के दौरान नई ज़िम्मेदारियों के लिए तैयार किया जाता है, साथ ही उसे शुभकामनाएं दी जाती हैं। यह रस्म दक्षिण भारतीय संस्कृति का एक खूबसूरत उदाहरण है, जिसमें पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों को विशेष महत्व दिया जाता है।
इस खास रस्म के लिए शोभिता ने लाल रंग की साड़ी चुनी, जो पारंपरिक साउथ इंडियन ब्राइडल लुक को दर्शाती है। उन्होंने मांग टीका, नेकलेस और मैचिंग कंगन के साथ अपने लुक को और खूबसूरत बनाया। माथे पर बिंदी और हल्के मेकअप ने उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। वह एक परफेक्ट ब्राइड-टू-बी लग रही थीं। उनके चेहरे पर शादी का खास ग्लो साफ झलक रहा था। पेलिकुथुरु रस्म के चलते शोभिता को हल्दी और तेल लगाया गया, जो शादी की रस्मों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह प्रक्रिया दुल्हन को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुद्ध और पवित्र बनाने का प्रतीक है। रस्म के अंत में उन्हें सुहाग की लाल चूड़ियां भेंट की गईं, जो वैवाहिक जीवन की खुशहाल शुरुआत का प्रतीक हैं।
शोभिता ने इस खास मौके की फोटोज अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा कीं, जिसमें वह बेहद खुश और उत्साहित दिखाई दे आ रही हैं। उनकी फोटोज इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस उन्हें ढेर सारा प्यार भेज रहे हैं तथा शादी से पहले ही उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। नागा चैतन्य और शोभिता की शादी को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल है। शादी की तैयारियां धूमधाम से हो रही हैं, और यह समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है।