ओबामा जैसी नहीं होंगी हिलेरी, सैंडर्स की नीतियां
ओबामा जैसी नहीं होंगी हिलेरी, सैंडर्स की नीतियां
Share:

वाशिंगटन : अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के दो दावेदारों यानी बर्नी सैंडर्स और हिलेरी क्लिंटन ने अपनी पहली टेलीविजन बहस में डेमोक्रेटिक पार्टी से ही संबंध रखने वाले राष्ट्रपति बराक ओबामा जैसी नीतियां नहीं अपनाने की बात कही है। हिलेरी ने कहा कि वह ओबामा से भिन्न नजर आएंगी। सैंडर्स ने राजनैतिक क्रांति का वादा किया। लास वेगास में मंगलवार को हिलेरी और सैंडर्स टीवी पर बहस में आमने-सामने आए। हिलेरी से पूछा गया कि अगर वह चुनाव जीतती हैं तो उनका कार्यकाल किस तरह ओबामा का तीसरा कार्यकाल नहीं होगा?'

हिलेरी ने कहा, पहली महिला राष्ट्रपति होना अपने आप में ही एक बड़ा बदलाव होगा। लेकिन, पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन यह साफ शब्दों में नहीं बता सकीं कि क्या उनकी नीतियां अलग होंगी। हिलेरी ने यही कहा कि वह ओबामा की कुछ नीतियों पर काम करेंगी और अन्य मामलों में अलग तरह से काम करेंगी। खुद को समाजवादी कहने वाले सैंडर्स ने कहा कि वह एक राजनैतिक क्रांति लाएंगे, जिसमें सत्ता का संतुलन धनवानों की तरफ से तेजी से हटेगा।

हिलेरी ने इस बात को भी गलत बताने की कोशिश की कि उनका वाल स्ट्रीट के बैंकों से करीबी रिश्ता है। उन्होंने कहा कि 2008 के वित्तीय संकट के समय उन्होंने खुद ही वाल स्ट्रीट बैंकरों को खरीखोटी सुनाई थी और समस्या सुलझाने के लिए कहा था। बड़े बैंकों के विघटन की बात करने वाले सैंडर्स ने इस पर कहा, वाल स्ट्रीट पर संसद का बस नहीं चलता। संसद पर वाल स्ट्रीट का नियंत्रण है। उनके पास जाना और कहना कि कृपया सही काम करें, एक तरह का भोलापन है। लेकिन, निजी ई-मेल के मामले में सैंडर्स ने खुद हिलेरी का बचाव किया।

विदेश मंत्री रहने के दौरान हिलेरी ने निजी ई-मेल का इस्तेमाल किया था। विरोधी रिपब्लिकन पार्टी का आरोप है कि इससे गोपनीय सूचनाएं खतरे में पड़ी थीं। हिलेरी के चुनाव अभियान पर इस बात का विपरीत असर पड़ा है। हिलेरी ने माना कि निजी ई-मेल मामले में उनसे गलती हुई है। लेकिन, उन्होंने कहा कि इस मामले की जो समिति जांच कर रही है वह मुख्य रूप से रिपब्लिकन पार्टी का ही हिस्सा है। इसका मकसद उनके चुनाव को प्रभावित करना है। बहस में इस मौके पर सैंडर्स आगे आए। उन्होंने कहा, मुझे एक बात कहने दीजिए जो शायद राजनीति के हिसाब से सही न हो।

अमेरिका के लोग इस ई-मेल बकवास को सुन सुनकर थक चुके हैं। इसके बाद तालियों की गूंज के बीच हिलेरी मुड़ीं और उन्होंने सैंडर्स से हाथ मिलाया। बहस में राष्ट्रपति पद के तीन और डेमोक्रेट दावेदारों -लिंकन चैफी, जिम वेब और मार्टिन ओमाले- ने हिस्सा लिया, लेकिन ये सब कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -