सम्मान लौटाना गरिमा के अनुरूप नहीं : भाजपा
सम्मान लौटाना गरिमा के अनुरूप नहीं : भाजपा
Share:

भोपाल : उत्तर प्रदेश के दादरी में मानवता की हत्या और देश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ती सांप्रदायिक असहिष्णुता से आहत कई साहित्यकारों द्वारा साहित्य अकादेमी सम्मान लौटाया जाना मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता व विधायक विश्वास सारंग पर नागवार गुजरा है। उन्होंने साहित्यकारों को अपनी गरिमा का ख्याल रखने की नसीहत देते हुए कहा कि सम्मान लौटाना बुद्धिजीवियों की गरिमा के अनुकूल नहीं है। भाजपा प्रवक्ता सारंग ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि हाल के दिनों में कुछ घटनाओं को लेकर कई बुद्धिजीवियों ने साहित्य अकादेमी द्वारा प्रदत्त सम्मान लौटा दिए हैं। विरोध स्वरूप सम्मान लौटाना या परिषद से इस्तीफा दे देना उनका निजी मामला है।

उन्होंने कहा, लोकतंत्र में विरोध करने का हर नागरिक को अधिकार है, लेकिन साहित्य अकादेमी का सम्मान लौटाते हुए सुर्खियां हासिल करना और राजनीतिक सरोकार प्रदर्शित करना किसी भी बुद्धिजीवी की गरिमा के अनुकूल नहीं लगता। सारंग ने कहा कि अकादेमी बुद्धिजीवियों की प्रतिभा को सम्मानित करता है। सम्मान के माध्यम से कला-कौशल और प्रतिभा का मूल्यांकन होता है। यह भी एक तरह से राज्याश्रय के साथ सम्मान किए जाने की परंपरा है। सम्मान लौटा दिए जाने से अकादेमी के बारे में जनता की सोच बदलती है। यह साहित्य अकादेमी के साथ न तो इंसाफ है और न ही यह उचित प्रतीत होता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कुछ मामलों में जिस तरह सम्मान लौटाने की घटनाएं सामने आई हैं, उससे दोहरी मानसिकता और राजनीतिक पूर्वाग्रह की भावना बेनकाब होती है। उन्होंने कहा, नयनतारा सहगल ने दादरी की त्रासद घटना पर सम्मान लौटाने की घोषणा की, लेकिन देखा जाए तो नयनतारा सहगल को अकादेमी सम्मान वर्ष 1986 में दिया गया था, और इसके पहले वर्ष 1984 में दिल्ली सहित देश के अन्य हिस्सों में दंगाइयों ने हजारों सिखों का संहार किया था। उस समय उन्होंने सम्मान क्यों नहीं लौटाया?

सारंग यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, जब कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों के घरों को उजाड़कर उनकी आबरू के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था, तब बुद्धिजीवियों की जमात में किसी ने जुबान तक नहीं खोली, सम्मान लौटाने या संस्था से इस्तीफा देने की बात तो दूर थी। हिंसा का विरोध किया जाना चाहिए, लेकिन इसे राजनीतिक रूप नहीं देना चाहिए।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -