सदन में गूंजा बुलंदशहर गैंगरेप का मामला
सदन में गूंजा बुलंदशहर गैंगरेप का मामला
Share:

लखनऊ: उच्च सदन में आज विपक्षियों ने बुलंदशहर में हुई गैंगरेप की घटना को जोर-शोर से उठाया। सरकार से दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने की मांग की गई। सदन में बसपा व विभिन्न विपक्षी दलों द्वारा मुद्दा उठाए जाने और राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था पर समुचित ध्यान न देने जैसे आरोपों पर समाजवादी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

बसपा सुप्रीमो ने बैठक शुरु होते ही कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं और खासकर उत्तर प्रदेश में तो आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। मायवती ने राज्य में कानून व्यवस्था के शिथिल हो जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए है।

कांग्रेस की रजनी पाटिल ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ बलात्कार और अन्य अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है। सदन को इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए और चर्चा कर कोई समाधान निकालना चाहिए। रजनी ने कहा कि नोएडा से कानपुर जा रहे एक परिवार की महिलाएं बुलंदशहर में सामूहिक बलात्कार की शिकार हुईं।

इस पर सपा सांसद जया बच्चन ने कांग्रेस पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बेहद संवेदनशील मसला है, जिसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। इस पर जवाबी हमला करते हुए कांग्रेस की अंबिका सेनी ने कहा कि इस घटना को लेकर राजनीति तो उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कर रहे हैं।

संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इस घटना को जघन्य अपराध करार देते हुए कहा कि यूपी में हो या देश के किसी भी हिस्से में हो, इसकी निंदा होनी चाहिए। नकवी ने कहा कि कानून व्यवस्था संभालना राज्य का मुद्दा है और उम्मीद है कि यूपी सरकार इस मामले में कठोर कार्रवाई करेगी।

कांग्रेस सदस्यों के यह मुद्दा उठाते रहने पर उप सभापति पी जे कुरियन ने कहा कि यह मुद्दा अत्यंत, अत्यंत गंभीर है और इसमें कोई शक नहीं है। हर सदस्य चर्चा करना चाहता है। इसमें कोई समस्या नहीं है, कृपया नोटिस दीजिए। माकपा के तपन कुमार सेन ने कहा कि इस मुद्दे पर अल्पकालिक चर्चा के लिए कुछ दिन पहले नोटिस दिया गया था जो सभापति के कार्यालय में लंबित है।

सपा नेता नरेश यादव ने सदन में कहा कि एक माह पहले ही जया बच्चन ने चर्चा के लिए नोटिस दिया था। इस पर कुरियन ने कहा कि वो देखेंगे और ऐसा कुछ हुआ तो चर्चा करवाएंगे। बसपा के सतीशचंद्र मिश्र ने कहा कि घटना का मुख्य आरोपी तो अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -