नई दिल्ली : दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्र पुलिस हिरासत में ले लिये गये है। ये छात्र जेएनयू के लापता विद्यार्थी नजीब अहमद मामले की गुत्थी सुलझाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। पहले तो पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन बंद करने की समझाईश दी थी लेकिन इसके बाद भी जब प्रदर्शनकारी छात्र नहीं माने तो फिर पुलिस ने जबरन सभी छात्रों को उठा लिया।
गौरतलब है कि जेएनयू का छात्र नजीब बीते 15 अक्टूबर से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। इसके बाद से ही विवि तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है तथा विवि परिसर व बाहर प्रदर्शन चल रहे है। रविवार को जामिया और जेएनयू के छात्रों ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया था। छात्रों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन इतने दिनों बाद भी नजीब के बारे में जानकारी जुटा नहीं सकी है।
पुलिस की गिरफ्तारी का विरोध किया गया है और आरोप लगाया है कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने के बाद भी पुलिस ने जबरन वाहनों में ठूंसा। बताया गया है कि प्रदर्शन करने वालों में नजीब की माॅं भी शामिल थी।