मकर संक्रांति पर उमड़ा आस्था का सैलाब
मकर संक्रांति पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Share:

हरिद्वार ​: मकर संक्रांति के अवसर पर सुबह से ही आस्था का सैलाब नदियों के तटों पर उमड़ा। इस दौरान हर की पौड़ी और इलाहाबाद के संगम पर हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। हरिद्वार में अर्द्धकुंभ मेले में मकर संक्रांति पर पहले शाही स्नान से हर की पौड़ी समेत दूसरे घाटों में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र नदियों में डुबकी लगाने पहुंचे। इलाहाबाद में गंगा, यमुना और लुप्तप्राय सरस्वती के संगम पर हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।

मकर संक्रांति के इस पर्व के साथ ही यहां माघ मेले का शुभारंभ हुआ। इस मास में श्रद्धालु पवित्र नदियों के किनारे स्नान करेंगे और मंदिरों में दर्शन, पूजन व दान के आयोजन भी होंगे। इलाहाबाद में कड़ाके की सर्दी के बीच श्रद्धालुओं ने ठंडे पानी में स्नान किया। यातायात प्रतिबंधों और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के चलते लोग मीलों पैदल चलकर संगम पर पहुंचे।

पवित्र डुबकी के बाद ही लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर पूजन किया। श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अध्र्य देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। कई स्थानों पर खिचड़ी भोज का आयोजन भी किया गया। इस धार्मिक आयोजन के लिए पुलिस का व्यापक बंदोबस्त भी किया गया। इस दौरान बड़े पैमाने पर अर्द्धसैनिक बलों के 5 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की गई। मेले में डीआईजी जीएस मारतोलिया और मेला अधिकारी एसए मुरूगेसन द्वारा सुबह से ही हर की पौड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

उत्तराखंड के राज्यपाल कृष्ण्कांत पाॅल ने श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की शुभकामनाऐं दीं। उन्होंने सभी से गंगा नदी को साफ रखने की अपील भी की। उल्लेखनीय है कि यहां के घाटों पर मकर संक्रांति, वसंत पंचमी और मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -