बरखा सिंह ने विश्वास के अज्ञात समर्थकों के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
बरखा सिंह ने विश्वास के अज्ञात समर्थकों के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
Share:

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डाॅ. कुमार विश्वास के विरूद्ध FIR दर्ज होने के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कुमार विश्वास के दो अज्ञात समर्थकों के खिलाफ अलग-अलग थानों में अलग-अलग धाराओं के तहत FIR दर्ज कराई हैं। जिसमे से एक FIR दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग थाने में 67- आईटी एक्ट और दूसरी FIR आईपी एस्टेट थाने में जान से मारने की धमकी देने तथा फोन पर व राह चलने के दौरान गालियां देने की धाराओं के तहत दर्ज कराई गई है।

दोनों ही FIR में न तो कुमार विश्वास का नाम लिया गया है और न उनके किसी समर्थक का। बरखा सिंह का कहना है कि वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष हैं। इसलिए पार्टी की महिला कार्यकर्ता से अवैध संबंध के शक के मामले में महिला की शिकायत पर कुमार विश्वास को नोटिस भेजकर उन्होंने सिर्फ अपने दायित्व का पालन किया है। दिल्ली पुलिस अधिकारी राजन भगत का कहना है कि बरखा सिंह द्वारा दी गई शिकायत पर पहले जांच की गई है। शिकायत सही पाई जाने पर ही शुक्रवार देर रात इस मामले पर उच्च अधिकारियों के निर्णय के बाद दो थानों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।

उन्होंने कहा कि संबंधित थाना पुलिस को निर्देश दिए गए हैं वह आप कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। बरखा सिंह ने 12 मई को केंद्रीय गृहमंत्रालय, उपराज्यपाल नजीब जंग व पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी को लिखित में शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने कहा था कि जब से उन्होंने आप की महिला कार्यकर्ता की शिकायत पर कुमार विश्वास को समन भेजा है, तभी से आप के समर्थक उन्हें धमकी दे रहे हैं। आप समर्थक उनके आईटीओ स्थित ऑफिस के आसपास राह चलते उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं।

उनके ट्विटर एकाउंट पर आप समर्थकों ने अश्लील कमेंट्स किए हैं और इनमें वे कुमार विश्वास को भी टैग कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया है कि आप समर्थकों की हरकतों के कारण उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। बरखा सिंह ने कहा कि इससे तंग आकर उन्हें मजबूरन एफआईआर दर्ज करानी पड़ी। उन्होंने पुलिस आयुक्त से अपनी व परिवार के सदस्यों की सुरक्षा करने की भी मांग की है।

रिलेटेड टॉपिक्स
- Sponsored Advert -
मध्य प्रदेश जनसम्पर्क न्यूज़ फीड  

हिंदी न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_News.xml  

इंग्लिश न्यूज़ -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_EngNews.xml

फोटो -  https://mpinfo.org/RSSFeed/RSSFeed_Photo.xml

- Sponsored Advert -