नई दिल्ली : मौसम में बदलाव आने के बाद दिल्ली में वायरल और अन्य तरह की बीमारियों के रोगी बड़े पैमाने पर बढ़ते जा रहे हैं। इस दौरान डेंगू के मरीजों की संख्या भी काफी बढ़ी है। हालात ये हैं कि अस्पतालों में बेड भरे हुए हैं। लोगों को उपचार के लिए अन्यत्र भर्ती करवाया जा रहा है। हाल ही में डेंगू के कारण एक बच्चे की मौत भी हो गई। जिसके बाद मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मामले में दिल्ली के पांच चिकित्सालयों को नोटिस जारी कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में अब तक डेंगू के 1800 केस सामने आए है।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे के परिजन ने इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। दरअसल इस बच्चे को मैक्स हाॅस्पिटल, मूलचंद अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर दाखिल करवा दिया गया। इन सभी क्षेत्रों में बेड की कमी होने की बात कही गई और बच्चे को दूसरी जगह भर्ती करवा दिया गया। बच्चे को बत्रा चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया।
इस दौरान इस बच्चे की मौत हो गई। जिसके बाद बच्चे के परिजन ने दुखी होकर अपनी जान दे दी। मामले में जमकर हंगामा हुआ था और इसे गंभीर लापरवाही माना गया था। उल्लेखनीय है कि डेंगू के रोगियों का उपचार करने के लिए दिल्ली के चिकित्सालयों में बिस्तरों की कमी हो गई है यही नहीं 10 हजार बेड और लगाए जाने की तैयारी की जा रही है। हालात का सामना करने के लिए चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।