नई दिल्ली : सपा नेता आजम खान द्वारा अपने चुनावी क्षेत्र में वाल्मीकियों का धर्म परिवर्तन कर उन्हें इस्लाम कबूल कराने का मामला गरमा रहा है। विश्व हिन्दू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने अपने बयान में कहा कि कैबिनेट मंत्री आजम खां रामपुर में पाकिस्तान लाना चाहते हैं। यदि एक भी व्यक्ति का धर्म परिवर्तन हुआ तो रामपुर में आकर हम ईंट से ईंट बजा देंगे। मंगलवार शाम को करीब सात बजे साध्वी प्राची रामपुर पहुंची। इस दौरान गांधी समाधि पर बड़ी तादात में पुलिस फोर्स तैनात थी।
साध्वी की गाड़ी आते ही पुलिस और PSC जवान आगे बढ़ कर गाड़ी रोक ली। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद साध्वी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गईं। उन्होंने कहा कि रामपुर में गुंडागर्दी की जा रही है। फिर वह गाड़ी से उतरीं और जमीन पर बैठ गई। प्राची एक घंटे तक पुलिस प्रशासन पर हावी रहीं। सैकड़ों की तादात में मौजूद पुलिस फोर्स भी कुछ नहीं कर सकी। बाद में प्राची ने वाल्मीकि बस्ती जाने को कहा तो पुलिस ने उनसे वहीं से जाने का अनुरोध किया, जिसके बाद साध्वी गांधी समाधि से निकल गईं।
बताते चलें कि आजम खान के चुनावी क्षेत्र रामपुर में करीब एक हफ्ते पहले नगर पालिका ने वाल्मीकि बस्ती में मकानों पर लाल निशान लगाये थे, जिसका वाल्मीकि समाज विरोध कर रहा है। उन्होंने इसके लिए नगर पालिका के ड्राफ्ट्समैन सिब्ते नबी को जिम्मेदार ठहराया है जिसने कहा था कि इस्लाम धर्म अपनाने पर किसी का भी मकान नहीं गिराया जाएगा। वाल्मीकि समाज की कहीं कोई सुनवाई न होने पर 80 परिवार अतिक्रमण अभियान से अपना मकान बचाने के लिए सांकेतिक तौर पर मंगलवार को इस्लाम धर्म कबूल कर चुका है।