विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश के राजामुंदरी शहर में गोदावरी नदी के तट पर मंगलवार से शुरू हुए 12 दिवसीय पुष्कर मेले (पुष्करालु) में भगदड़ मचने से 22 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि गोदावरी नदी के तट पर कोटगुम्मम पुष्कर घाट के द्वारों में से एक पर अचानक पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने से वहां भगदड़ मच गई। पूर्वी गोदावरी जिले के राजामुंदरी शहर में स्थित इस घाट के सभी तीनों द्वारों पर अव्यवस्था रही। शवों को राजामुंदरी के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। घायलों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ ही हालत नाजुक बताई गई है।
भगदड़ मंगलवार सुबह गोदावरी पुष्कर मेला शुरू होने के चंद घंटों बाद हुई। 12 दिवसीय पुष्कर मेले को दक्षिण भारत का 'कुंभ मेला' माना जाता है। मेला तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों राज्यों में शुरू हुआ है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार सुबह राजामुंदरी में गोदावरी नदी में पवित्र स्नान किया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद वह स्थिति का जायजा लेने तुरंत नियंत्रण कक्ष पहुंचे। उन्होंने लोगों से प्रवेश व निकास के लिए कतारों में बने रहने और श्रद्धालुओं से कम भीड़भाड़ वाले घाटों का रुख करने का भी अनुरोध किया।