जवाहिरी ने बगदादी पर बोला हमला, लगाया द्रोह का आरोप

सीरिया : इस्लामिक स्टेट के खिलाफ पहली बार सीधा हमला बोलते हुए अलकायदा प्रमुख अयमन अलजवाहिरी ने ISIS के प्रमुख अबु बक्र अलबगदादी पर द्रोह का आरोप लगाते हुए विश्वभर के मुस्लिमों का नेता होने के उसके दावे को खारिज कर दिया। मिस्र के डॉक्टर जवाहिरी को 4 साल पहले ओसामा बिन लादेन के बाद अल कायदा का प्रमुख बनाया गया था। जवाहिरी ने एक नए आडियो संदेश में दलील दी है कि तथाकथित खिलाफत अवैध है।

जवाहिरी का आडियो संदेश एक वीडियो में है जो करीब 45 मिनट का है। पूरे वीडियो में बगदादी की एक तस्वीर का प्रयोग किया गया है। जेहादी समूहों पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट दि लांग वार जर्नल के अनुसार इसे कई महीने पहले रिकॉर्ड किया गया था। लेकिन इसे बुधवार के पहले जारी नहीं किया गया। अमेरिका को निशाना बनाने के बदले जवाहिरी की नाराजगी बगदादी से है जिस पर द्रोह का आरोप लगाया गया है।

जवाहिरी ने जोर दिया है कि इराकी आतंकवादी सभी मुस्लिमों का नेता नहीं है। ISIS पूर्व में इराक में अलकायदा का ही हिस्सा था और 2 साल पहले यह बड़े समूह से अलग हो गया। टेप में जवाहिरी ने शिकायत की है कि बगदादी ने गाजा और पाकिस्तान में मुस्लिमों की परेशानियों की अनदेखी की है।

Related News