केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पर वनकर्मी से अभद्रता का आरोप

नई दिल्ली : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी इन दिनों आरोपों से घिरी नज़र आ रही हैं। इस बार उनपर एक वनकर्मी से अभद्रता के साथ पेश होने का आरोप लगाया गया है। मामले में क्षेत्र के डीएम से शिकायत की गई है। मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री मेनकाव गांधी पर गढ़ा चेक पोस्ट के एक वनकर्मी ने अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है।

वनकर्मी ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी का काफिला पूरनपुर से पीलीभीत की ओर जा रहा था। इस दौरान गढ़ा चेक पोस्ट पर उन्होंने वनकर्मी को रोका और जंगल में आग लगने के कारण पर सवाल किए। जिस पर कर्मचारी निकासी मुंशी रूपलाल वर्मा ने आग नहीं लगने की बात कही। तब केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिए।

हालांकि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि जंगल की ओर से निकलते समय उन्हें गढ़ा चके पोस्ट पर स्टाफ के लोग आग लगाते हुए मिले। तब उन्होंने कर्मचारियों को डांटते हुए जंगल का ध्यान रखने को कहा। उन्होंने किसी तरह की पिटाई या अपशब्द की बात से इंकार कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार रूपलाल एसओ ने केंद्रीय मंत्री को बड़ी हस्ती कहते हुए मुकदमा दर्ज न कराने की सलाह दी। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी पीपुल्स फाॅर एनिमल की सदस्य भी हैं।

Related News