सिंहस्थ 2016 के लिये प्रशिक्षण प्रारम्भ

उज्जैन : प्रशिक्षण व्यक्ति को सुव्यवस्थित कार्य करने की दृष्टि प्रदान करता है। इंसान को अच्छा इंसान बनाता है। सिंहस्थ में कार्य करने वाले व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वाह सेवा कार्य समझ कर करना चाहिये। जीवन में कुछ काम आत्मसंतुष्टि के लिये भी किये जाते हैं। सिंहस्थ में ड्यूटी लगना सौभाग्य का विषय है। यह कार्य आत्म संतुष्टि की अनुभूति देगा। कलेक्टर ने यह बात सिंहस्थ.2016 के लिये आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए कही। कलेक्टर ने कहा कि उज्जैन नगर को आने वाले समय में 5 करोड़ से अधिक अतिथियों के स्वागत सत्कार का मौका मिलेगा। 

इस अवसर पर लाभ उठाते हुए सिंहस्थ में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सेवा का ऐसा दृष्टांत प्रस्तुत करना होगा जिसे देश विदेश से आने वाले श्रद्धालु अपने मन में बसाकर जायें। उन्होंने गुड उज्जयिनी अभियान प्रारम्भ कर शहर को साफ सुथरा बनाने शहरी नागरिकों को मृदु व्यवहार करने के लिये प्रेरित करने की बात भी कही। सिंहस्थ.2016 के लिये शासकीय सेवकों तथा अन्य व्यक्तियों को प्रशिक्षण देने का सिलसिला आज पोलीटेक्निक कॉलेज में प्रारम्भ हुआ। प्रथम दिवस शिक्षा विभाग के 150 कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आगामी समय में प्रथम चरण का प्रशिक्षण संभाग के सभी जिलों में अनुभाग स्तर पर दिया जायेगा। प्रशिक्षण हेतु मास्टर ट्रेनर्स का दल गठित किया गया है। मेला अवधि के पूर्व 10 हजार शासकीय कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का कार्यक्रम है। 

इसके पूर्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ शुक्रवार की सुबह शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू कलेक्टर कवीन्द्र कियावत पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य शशिकान्त शास्त्री ने माँ सरस्वती के चित्र के संमुख दीप प्रज्वलित कर किया। सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू ने इस अवसर पर कहा कि सिंहस्थ में काम करने वाले शासकीय सेवक कुछ मूलभूत सिद्धान्तों का अनुकरण करें। शासकीय कार्य को सेवा मानकर किया जाये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शासकीय कर्मी का एक ड्रेसकोड हो। उसके पास परिचय पत्र हो तो कार्य करने में सुविधा होगी। सेवा कार्य की शपथ दिलवाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष दिवाकर नातू ने प्रशिक्षणकर्ताओं को सेवा कार्य की शपथ दिलाई। श्री नातू ने शपथ को पढ़ा और मौजूद प्रशिक्षुओं ने इसे दोहराया।

Related News