IPL-8: पंजाब और मुंबई की नजर पहली जीत पर

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में रविवार का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उनकी कोशिश सत्र की पहली जीत हासिल करने की होगी। मुंबई इंडियंस को अपने पहले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, किंग्स इलेवन को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 26 रनों से हार मिली।
किंग्स इलेवन की ताकत ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, वीरेंद्र सहवाग, मुरली विजय, मिशेल जानसन जैसे बड़े खिलाड़ी हैं जो किसी भी टीम के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं। दूसरी ओर, मेजबान टीम मुंबई इंडियंस के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा सबसे बड़ी उम्मीद हैं। रोहित ने कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ नाबाद 98 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा एरॉन फिंच, अंबाती रायडू और आदित्य तारे से भी टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। मुंबई इंडियंस के सामने गेंदबाजी भी एक चुनौती है।
पहले मैच में मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी पूरी तरह से पटरी से उतरी हुई नजर आई। टीम के सबसे बड़े गेंदबाज श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने चार ओवरों में 27 रन दिए और कोई सफलता हासिल नहीं कर सके। इसके अलावा हरभजन सिंह, कोरे एंडरसन, प्रज्ञान ओझा, जसप्रीत बुमराह ने भी निराश किया। किंग्स इलेवन के पास मिशेल जानसन के रूप में एक बड़ा गेंदबाज मौजूद है। साथ ही संदीप शर्मा, अनुरीत सिंह, अक्षर पटेल आदि भी जानसन का अच्छा साथ देने की क्षमता रखते हैं।

Related News