तीन लोगों को जिन्दा जलाने के आरोप में मुखिया सहित 17 गिरफ्तार

लोहरदगा : लोहरदगा में एक ही परिवार के तीन लोगों को बदमाशों ने जिंदा जला दिया। मामला कैरो थाना क्षेत्र के चिपो गांव का है। इस मामले में पुलिस ने 17 लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें गांव का मुखिया भी शामिल है। मामले में कुल 25 नामजद और करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

एसपी कार्तिक एस ने बताया कि अब तक की जांच से पता चलता है कि कुछ लोगों ने झाड़-फूंक की अफवाह के मामले में परिवार के तीन सदस्यों को आग लगाकर मार डाला। मृतकों की पहचान 70 साल के गोवर्धन, उनकी पत्नी मादो और बहू सुखमनिया के रुप में हुई है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को बचाया।

हमले में ज्यादातर लोग आस पास के क्षेत्र चिपो, सिंभु टोली ईरगांव, पिपर टोली व बाघी आदि के थे। सभी ने आग लगाने के बाद घर को चारों ओर से घेर रखा था। गोवर्धन के पड़ोसियों में बुधैन, लक्ष्मी, बुधमनिया, विलास आदि ने मशीन चलाकर पाइप से सटे हुए घरों को बचाने का बहाना करते हुए गोवर्धन के मकान को बचाने की कोशिश की।

लेकिन ग्रामीणों ने पाइप काट दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस को इस हालात से निपटने में 4 घंटे लगे। गोवर्धन के भतीजे ने पुलिस को बताया कि 10 दिन पहले भी कई ग्रामीण आए थे और बच्चों को पूजने का आरोप लगाया था। तब किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

Related News