दाउद से धमकी मिलने के बाद चक्रपाणि को मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा

नई दिल्ली : हिंदू महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि को जेड स्तर की सुरक्षा मुहैया कराई गई है। कुछ दिन पहले चार लोगों को उन पर हमला करने के आरोप में हिरातस में लिया गया था। स्वामी चक्रपाणि ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम की कार नीलामी से खरीद कर आग लगा दी थी। इसके बाद से ही उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी मिल रही है।

हाल ही में स्वामी ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को खत लिखकर सुरक्षा के लिए निवेदन किया था। उनका दावा था कि डी कंपनी उन्हें लगातार फोन करके जान से मारने की धमकी दे रही है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा से जुड़े चक्रपाणि ने कहा था कि उन्हें एक फोन कॉल आया था। जिसमें दो अज्ञात नंबरों से कुछ मोबाईल संदेश आए।

फोन करने वाले ने धमकी देकर कहा कि चक्रपाणि को उसी तरह से जलाया जाएगा जैसे उन्होंने कार को जलाया था। उल्लेखनीय है कि चक्रपाणि ने मुंबई में इस कार को खरीदा था। कार को उन्होंने आग लगा दी थी। चक्रपाणि ने कहा कि इसे लेकर उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की।

चक्रपाणि को जेड श्रेणी का सुरक्षा कवर दिए जाने की पेशकश की गई मगर उन्होंने सुरक्षा कवर लेने से इंकार कर दिया था, तब उन्होंने कहा था कि वे कोई नेता नहीं हैं।

Related News