श्रीलंकाई नौसेना ने भारतीय मछुआरों के जाल को किया नष्ट

रामेश्वरम : श्रीलंका के नौसैनिकों ने अचानक आधी रात को हमला कर भारतीय मछुआरों के मछली पकड़ने वाले करीब 100 से अधिक जाल नष्ट कर दिए है और कई नौकाओं का पीछा भी किया। इन मछुआरों ने इस संबंध में जानकारी रामेश्वरम पहुंचने पर दी। मछुआरों ने बताया कि जब वे कच्चातीवू द्वीप के पास अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा पर मछली पकड़ रहे थे, तभी श्रीलंकाई नेवी ने उन पर धावा बोल दिया।

इतना ही नही उन नौ सैनिकों ने उन पर बंदूक ताना और उन्हें वापस जाने को कहा। नष्ट किए गए जाल की कीमत लाखों में बताई जा रही है। इससे पहले भी श्रीलंका के नौ सैनिकों ने तमिलनाडु के 8 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया था। मत्स्य विभाग के एक अफसर ने बताया कि उन 8 मछुआरों को उस समय गिरफ्तार किया जब वो नेदूनतीवू के पास मछली पकड़ रहे थे। कहा जा रहा है कि बीते 2 माह के भीतर यह छठी घटना है।

इस मामले में श्रीलंकाई नौसेना का कहना है कि मछुआरों को सुबह जाफना में डेल्फ्ट द्वीप के पास से जलक्षेत्र में मछली पकड़ने पर उनकी दो नौकाओं के साथ गिरफ्तार किया गया था। नवंबर माह में भी श्रीलंकाई नौसेना ने 14 मछुआरों को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री जयललिता ने पीएम से इस मामले में दखल की मांग की थी.

Related News