World Cup qualifier 2023 में श्रीलंका को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण यह स्टार गेंदबाज हुआ बाहर

नई दिल्ली: ICC वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर में सुपर सिक्स राउंड की शुरुआत हो चुकी है और श्रीलंका का पहला मुकाबला नीदरलैंड्स से है। ग्रुप स्टेज में अभी तक शानदार प्रदर्शन करने वाली श्रीलंकाई टीम को सुपर सिक्स राउंड से पहले एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के स्टार गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा कंधे की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। गुरुवार को श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने ट्वीट करते हुए इस बारे में जानकारी दी है।

बोर्ड की तरफ से जानकारी दी गई है कि दुष्मंथा चमीरा जो क्वालिफायर के ग्रुप स्टेज से पहले अभ्यास के दौरान कंधे में चोट लगा बैठे थे, वह अभी अपनी चोट से ठीक हो रहे हैं। उनके दाहिने कंधे में ही चोट लगी है और इसलिए वह रिहैब के लिए श्रीलंका वापस लौटेंगे। सुपर सिक्स राउंड में चमीरा टीम के लिए मौजूद नहीं रहेंगे। बता दें कि 31 साल के दुष्मंथा चमीरा गत वर्ष टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी पिंडली की मांसपेशियों में चोट लगने के बाद स्वदेश लौट आए थे। चमीरा के लिए बीते 1-2 वर्षों से चोट गंभीर समस्या बनी हुई है। अक्टूबर 2022 के बाद से चमीरा श्रीलंका के 32 में से 30 मुकाबलों से बाहर ही रहे हैं। चार माह बाद होने वाले वर्ल्ड कप के लिहाज से उनका चोटिल होना श्रीलंका के लिए तगड़ा झटका है।

वहीं, वर्ल्ड कप क्वालिफायर में आगे के मुकाबलों के लिए श्रीलंकाई टीम में दुष्मंथा चमीरा के स्थान पर युवा तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को शामिल किया गया है। 22 वर्षीय मदुशंका ने श्रीलंका के लिए अभी तक केवल 2 ही ODI खेले हैं, जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए हैं। मदुशंका ने इसी साल जनवरी में भारत के खिलाफ अपना ODI पदार्पण किया था।

 

Related News