रजत पालकी में विराजित हो यूं निकले महाकाल, भक्त हुए भावविभोर

उज्जैन। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को मध्यप्रदेश के धार्मिक पर्यटन नगर उज्जैन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। इस दिन शाम करीब 4 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्री महकालेश्वर भगवान चांदी की पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। भगवान श्री महाकाल शिप्रा तट की ओर पहुंचे। इस दौरान कहार पालकी उठाए हुए थे तो भजनमंडलियां झांझ मंजीरे बजाते हुए भक्तिरस में झूमते हुए चल रही थीं। उनके साथ श्रद्धालु पालकी के साथ चल रहे थे।

आम दर्शनार्थियों और श्रद्धालुओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े रहकर भगवान श्री महाकालेश्वर की पालकी के दर्शन किए। श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर भावविभोर हो उठे। भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी में उनके शिव तांडव स्वरूप को गरूड पर विराजित किया गया।

बाबा का यह स्वरूप बेहद ही मनोहारी लग रहा था। दूसरी ओर पालकी में भगवान शिव मन महेश स्वरूप में विराजित थे तो गजराज पर भगवान चंद्रमौलेश्वर को विराजित करवाया गया था। सवारी में कड़ाबीन के धमाके भी गूंजे।

Related News