घर वापस लौटे युवराज

नई दिल्ली : लंबे समय बाद विपक्ष में बैठी कांग्रेस को कुछ हिम्मत मिली। आखिरकार लोगों की अटकलों के बीच कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी अज्ञातवास के बाद राजनीतिक गलियारों में पहुंचे। 59 दिन की छुट्टियों के बाद वापस लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पार्टी कार्यालय में औपचारिक स्वागत किया गया। हालांकि फिलहाल राहुल को मीडिया से दूर रखा गया है। मगर माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राहुल खुद ही मीडिया से चर्चा कर सकते हैं। 
 
मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी अपनी छुट्टियां समाप्त होने के बाद दिल्ली पहुंचे। राहुल के वापस लौटने के बाद मीडिया का हुजूम पार्टी कार्यालय के बाहर उमड़ा रहा लेकिन मीडिया को इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। मीडिया में कार में सवार राहुल की तस्वीरें जरूर जारी हुईं। यही नहीं पार्टी के प्रवक्ताओं ने राहुल को लेकर अपने स्वर मुखर किए। इस दौरान यह बात सामने आई कि राहुल जल्द ही कांग्रेस द्वारा आयोजित की जाने वाली किसान रैली में नज़र आ सकते हैं। 
 
किसान रैली का आयोजन 19 अप्रैल को होगा। जिसमें भूमिअधिग्रहण विधेयक पर चर्चा की जाएगी। यही नहीं यह भी कहा गया कि राहुल बेहद अनुभ्पावी नेता हैं, उनके नेतृत्व में भूमि अधिग्रहण बिल के विरोध की रणनीति बनती है तो वह कारगर साबित हो सकती है। दूसरी ओर माना जा रहा है कि राहुल को पार्टी अध्यक्ष की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि इस पर अभी मुहर नहीं लगी है। मगर इस मसले पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, संदीप दीक्षित, अमरिन्दर सिंह आदि उनसे मिलने की तैयारी में हैं।

Related News