राजनीति के मैदान पर राहुल का किसान शाॅट तैयार

नई दिल्ली : लंबे समय पर अवकाश पर गए कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी ने आखिरकार नए सिरे से अपनी राजनीतिक पारी की शुरूआत की। अपनी शुरूआत करने के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी केंद्र की भाजपा सरकार को भूमि अधिग्रहण बिल के मसले पर घेरने की तैयारी में हैं। इसके लिए उन्होंने गरीब अन्नदाता को एकजुट करना शुरू कर दिया है। 
 
दरअसल लंबे समय से राजनीति के हाशिये पर पहुंची अखिल भारतीय कांग्रेस को संजीवनी देने के लिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल नए सिरे से तैयार हो गए हैं। इस दौरान राहुल ने किसानों और मजदूरों को एकजुट करना प्रारंभ कर दिया है। राहुल गांधी कांग्रेस की किसान खेत मजदूर रैली में किसानों से शामिल होने की अपील कर रहे हैं। राहुल किसानों का दर्द जानने गांवों में पहुंच रहे हैं और उन्हें रैली के लिए एकजुट कर रहे हैं। 
 
मिली जानकारी के अनुसार राहुल विभिन्न राज्यों के किसानों के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करने जा रहे हैं। राहुल के घर के बाहर किसानों का जमावड़ा लगा हुआ है। रविवार से कांग्रेस भूमि अधिग्रहण बिल का विरोध करने के लिए रैली निकालेगी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, दिग्विजयसिंह और उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और मध्यप्रदेश के किसान संगठनों के सदस्यों से चर्चा करेंगे।

Related News