पागल हो गए हैं राहुल : साक्षी महाराज

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को लेकर दिए गए बयानों को लेकर कहा है कि राहुल गांधी पगला गए हैं। राहुल राजनीति की एबीसीडी नहीं जानते हैं और वे किसानों के आंसू पोंछने का दिखावा कर रहे हैं।

हाल ही में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा पंजाब और महाराष्ट्र के किसानों का दर्द जानने की बात पर सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान श्री कृष्ण की तरह नेपाल को संभालने का काम किया है। यही नहीं उन्होंने देश की बागडोर संकल्पों के साथ संभाली थी। मोदी ने देश से भ्रष्टाचार हटाने और कांग्रेस मुक्त भारत का निर्माण करने का संकल्प लिया था।

इस दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत तो हम बना चुके हैं मगर कांग्रेस मुक्त भारत का संकल्प कांग्रेस के ही कर्मों से होगा। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश में अच्छा काम हो रहा है। मगर राहुल केंद्र सरकार का न जाने क्यों विरोध कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैलियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों की जो समस्याऐं वे सामने ला रहे हैं वह आज की नहीं है वह तो तब की है जब यूपीए का कार्यकाल था। केंद्र सरकार किसान हित में काम करने की योजना तैयार कर रही है। सरकार इस दिशा में आगे बढ़ी है।

Related News