महिला नीति में लिंग भेद समाप्त किया जाए : शिवराज

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 19 मई को होने वाली महिला पंचायत में महिला नीति जारी की जाएगी। प्रस्तावित महिला नीति के संबंध में भोपाल में गुरुवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वे चाहते हैं कि प्रदेश की प्रस्तावित महिला नीति-2015 देश के लिए आदर्श बने। नई महिला नीति आगामी 19 मई को महिला पंचायत में जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रस्तावित महिला नीति में लिंग भेद समाप्त करने, महिलाओं की शिक्षा, रोजगार, सत्ता में भागीदारी, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाए। महिलाओं के लिए कौशल विकास तथा निजी और शासकीय क्षेत्र में उनके लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विचार किया जाए। महिला नीति में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक और शैक्षणिक सशक्तीकरण को शामिल किया जाए।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में महिला-पुरुष अनुपात और मातृ-मृत्यु दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। प्रदेश में वर्ष 1991 में महिला-पुरुष अनुपात 1000 पुरुष पर 912 महिलाएं थी, जो वर्ष 2011 में 1000 पुरुष पर 930 हो गई हैं। इसी तरह प्रति लाख मातृ-मृत्यु दर 310 से घटकर 277 हो गई है। प्रदेश में बाल विवाहों की संख्या में भी कमी आई है। वर्ष 2007 में बाल विवाहों का प्रतिशत 53़ 7 था जो वर्ष 2011 में कम होकर 33़ 1 प्रतिशत रह गया है।

Related News