सराहनीय कार्य के लिए 85 लोग होंगे राष्ट्रपति पदक से सम्मानित

भोपाल : स्वतंत्रता दिवस परेड के पदक अलंकरण समारोह में पुलिस, होमगार्ड और जेल के 85 अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान देंगे. यह समारोह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा. इस सम्मान के तहत पुलिस के 9 अधिकारियों-कर्मचारियों को वीरता, 8 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा और 33 अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा.

होमगार्ड के 7 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा पदक, 14 को होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा पदक से सम्मानित किया जाएगा. जेल विभाग के 9 अधिकारियों-कर्मचारियों को सुधारात्मक सेवा पदक से और 1 अधिकारी को विशिष्ट सेवा पदक से नवाज़ा जाएगा.

3 अधिकारियों को खूंखार बदमाशों को अपनी जान पर खेल कर गिरफ्तार करने के साहसिक कार्य के लिए पुरस्कार स्वरूप रिवाल्वर/पिस्टल भेंट की जाएगी. इनके साथ ही 1 अधिकारी को रायफल भेंट की जाएगी. 3 नागरिकों को जीवन सुरक्षा पदक से सम्मानित किया जाएगा.

Related News