जान गले में अटकी थी औऱ ये जनाब स्माइली पोज में सेल्फी ले रहे थे

काहिरा : एक बेतुके कारण से किए गए प्लेन हाइजैक के बाद से पूरी दुनिया जहां विमान में बंधक बनाए गए यात्रियों के लिए चिंतित थी, तो वहीं प्लेन में सवार एक व्यक्ति हाइजैकर के साथ सेल्फी ले रहा था। इससे भी ज्यादा नागवार गुजरने वाली बात ये है कि ये व्यक्ति सेल्फी के लिए स्माइलिंग पोज भी दे रहा है।

इस सेल्फी में वो सुसाइड बेल्ट भी साफ दिख रहा है, जिसके बल पर आरोपी सैफ एल्दिन मुस्तफा ने यात्रियों को बंधक बनाया था। जैसे ही ये तस्वीर मीडिया में आई, सभी लोग इसका मजाक बनाने लगे। कई लोगों ने तो इसे फ्यूनरल सेल्फी तक करार दिया। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी है।

सेल्फी लेने वाले शख्स का नाम फिलहाल उजागर नहीं किया गया है। आरोपी ने प्लेन में सवार क्रू या यात्री को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया। यह विमान अलेक्जिंड्रिया से काहिरा जा रही थी। बीच में ही प्लेन हाइजैक हो गई और आरोपी विमान को साइप्रस ले गया।

अधिकारियों से बात करने के बाद उसने 4 विदेशी नागरकों व 4 क्रू मेंबर को छोड़ सभी को जाने दिया। बाद में साइप्रस के राष्ट्रपति ने बताया कि यह कोई आतंकवादी घटना नहीं है, बल्कि किसी सिरफिरे आशिक ने इस घटना को अंजाम दिया है। आरोपी ने मिस्त्र की जेल में बंद कुछ महिला कैदियों को छोड़ने की मांग की थी। कुछ देर बाद सभी क्रू मेंबर से लेकर पैसेंजर बाहर आ गए और मुस्तफा को अरेस्ट कर लिया गया।

Related News