नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सूर्य बहादुर थापा की कैंसर से मौत

गुड़गांव : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री सूर्य बहादुर थापा का यहां पर मेदांता मेडिसिटी में बुधवार देर रात निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। वह पांच बार नेपाल के प्रधानमंत्री रह चुके थे। चिकित्सकों ने बताया कि थापा कैंसर से पीड़ित थे और उन्हें 29 मार्च को गुड़गांव के सेक्टर-38 स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 
एक चिकित्सक ने सूत्रों से कहा, "उनका पेट, लीवर, अग्नाशय, भोजन नलिका और आंतें बीमारी से प्रभावित थीं।" उनके परिजन गुरुवार को अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने कहा, "थापा गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती थे। उन्होंने बुधवार रात 11 बजे अंतिम सांस ली। थापा के पार्थिव शरीर को गुरुवार सुबह 11.20 बजे उनके रिश्तेदार संजय बहादुर थापा को सौंप दिया गया।" 
पारिवारिक सूत्रों ने कहा कि थापा के पार्थिव शरीर को काठमांडू ले जाया जाएगा, जहां पर उनके अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को मालीगांव निवास पर रखा जाएगा। थापा का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा। थापा के पार्थिव शरीर को शुक्रवार की सुबह थापा की राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) के दफ्तर में रखा जाएगा। 
यहां पर दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी। यहां से उनके पार्थिव शरीर को दशरथ स्टेडियम ले जाया जाएगा, जहां पर जनता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। आरपीपी के महासचिव दीपक बोहरा ने काठमांडू में संवाददाताओं से कहा कि अंतिम संस्कार के लिए उन्हें पशुपति आर्यघाट ले जाया जाएगा। थापा तीन राजाओं के कार्यकाल के दौरान पांच बार (1963-64, 1965-69, 1979-83, 1997-98 और 2003-04) नेपाल के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने तकरीबन छह दशकों तक राजनीति की।

Related News