पुलिस निगरानी में कैदी ने पुलिस भर्ती के लिए दी फिजिकल टेस्ट

कुरुक्षेत्र : बुधवार को हरियाणा में पुलिस भर्ती के दौरान होने वाली दौड़ में एक कैदी ने भी हिस्सा लिया था। सुबह 8 बजे पुलिसकर्मी हथकड़ी लगे हुए कैदी को लेकर उमरी रोड पर पहुंचे और हथकड़ी खोल दी। फिजिकल टेस्ट के लिए इस कैदी ने दौड़ में भाग लिया।

जितेंद्र नाम के इस कैदी ने 5 किमी की दौड़ 23 मिनट में पूरी की। हत्या की कोशिश में धारा 307 के तहत जितेंद्र पिछले सवा माह से सोनीपत जेल में बंद है। दौड़ के दौरान दो मोटरसाइकिल राइडर और पीछे एक पीसीआर वैन लगातार जितेंद्र पर नजर रखे हुए थी।

जितेंद्र को अप्लाई करने की परमिशन जेल प्रशासन ने दी थी। 5000 पदों के लिए 6.5 लाख उम्मीदवारों ने अप्लाई किया है। फॉर्म भरने से पहले एसपी सिमरदीप सिंह ने 23 वर्षीय जितेंद्र से पूछताछ की। फिर इस चेतावनी के साथ दौड़ की इजाजत दी गई कि यदि वो भागने की कोशिश करता है तो पुलिस उसे गोली मार देगी।

लिहाजा, ऐसी कोई हरकत न करे। पुलिस ने उसकी रनिंग की वीडियोग्राफी भी कराई। हांलाकि दोषी व्यक्ति सरकारी नौकरी के लिए अप्लाई नहीं कर सकता। यदि जितेंद्र का दोष साबित होता है, तो वो अयोग्य घोषित हो जाएगा। चूंकि उसका केस फिलहाल अंडर ट्रायल है, इसलिए उसे अप्लाई करने की परमिशन दी गई। सारे टेस्ट क्लियर करने के बाद यदि कैदी का नाम मेरिट में आता है, तो उसकी नियुक्ति के संबंध में पहले कानूनी सलाह ली जाएगी।

Related News