मानसून सत्र से पहले मुंबई पुलिस नाइक से संबंधित रिपोर्ट सौंपेगी राज्य सरकार को

मुंबई : विवादित मुस्लिम धर्मगुरु जाकिर नाइक के संबंध में जांच कर रही है मुंबई पुलिस ने कहा है कि वो अपनी जांच रिपोर्ट अगले सप्ताह तक सौंपेगी। मुंबई पुलिस जांच रिपोर्ट महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के पहले राज्य सरकार को सौंप देगी। गृह विभाग के एक सीनियर अफसर ने इसकी जानकारी दी।

उन्होने बताया कि नाइक को फिलहाल क्लीन चिट नहीं दी गई। नाइक से संबंधित सभी मामलों की गहनता से जांच की जाएगी और 18 जुलाई से शुरु होने वाले मानसून सत्र के पहले राज्य विधान मंडल को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। नाइक फिलहाल विदेश में है। 11 जुलाई को वो मुंबई वापस आने वाले थे, लेकिन तभी खबर आई कि वो अफ्रीकी देशों की यात्रा पर जा रहे है।

आज वो स्काइप के जरिए मीडिया से मुखातिब होंगे। इसकी व्यवस्था दक्षिणी मुंबई के एक हॉल में की गई है। आयोजकों ने आरोप लगाया है कि शहर के होटलों को मीडिया से बातचीत के लिए जगह नहीं मुहैया कराने का पुलिस से निर्देश मिला है। आयोजकों ने एक विज्ञप्ति में यह आरोप लगाया लेकिन बाद में पीछे हट गए।

नाइक के सहयोगी ने एक बयान में कहा कि जो हो रहा है वो अनुचित है। चार होटलों ने तो उपलब्धता की पुष्टि के बाद कैंसिल किया, जब कि कई ने बुकिंग के बाद कैंसिल कर दिया। उनका दावा है कि होटल प्रबंधकों ने ऐसा पुलिस के दबाव में आकर किया।

Related News