बेवजह संविधान बदलने की जरुरत ही क्या हैः मुलायम सिंह यादव

नई दिल्ली : संसद में संविधान पर चल रही बहस में समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा है कि हम डॉ अंबेडकर को प्रणाम करते है, क्योंकि उन्होने हमें ऐसा संविधान दिया है। एनडीए सरकार पर बरसते हुए मुलायम ने कहा कि आज लोग अपनी सुविधा के अनुसार इसे बदलते हैं। हम ये पूछना चाहते हैं कि इस सदन में क्या अंबेडकर और डॉ. राजेन्द्र प्रसाद से ज्यादा काबिल लोग आ गए हैं। जो हमेशा संविधान में संशोधन किये जा रहे हैं। हम ये कहते हैं कि अनावश्यक रूप से इस संविधान को बदला नहीं जाना चाहिए।

संविधान दिवस के दिन चर्चा में सोनिया गांधी ने कहा था कि देश के संविधान पर भारी खतरा मंडरा रहा है। गुरुवार को कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी संसद में संविधान के बदलने पर रक्तपात की बात कही थी, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा था कि आपको पता होना चाहिए कि संविधान में संशोधन होता है, बदलाव नही।

इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि कांग्रेसी व उनके साथी संसद में धमकी देने से बाज आए। दूसरी ओर पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी व राहुल गांधी को मिलने के लिए आमंत्रित किया है। कहा जा रहा है कि इस दौरान जीएसटी पर चर्चा हो सकती है।

Related News