मुलायम भिड़ा रहे गठजोड़ की जुगत, प्रशांत किशोर से हुई लंबी बात

लखनऊ : उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दल अपने - अपने गठजोड़ में लगे हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी भी अपने गठजोड़ के प्रयास करती नज़र आ रही है। इसी को लेकर सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने रणनीतिकार प्रशांत किशोर से भेंट की है। इस भेंट में सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि इन नेताओं की प्रशांत किशोर से काफी महत्वपूर्ण चर्चा हुई है।

गौरतलब है कि उत्तरप्रदेश में कांग्रेस की रणनीति को प्रशांत किशोर ही तैयार कर रहे हैं और कांग्रेस उसके अनुसार चुनाव प्रचार में लगी है। कांग्रेस द्वारा आयोजित की गई खाट पंचायत भी इसी का एक उदाहरण है। इसके पूर्व 1 नवंबर को दिल्ली में पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव और प्रशांत किशोर ने आपस में भेंट की थी।

मिली जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर ने अखिलेश यादव से मिलने का प्रयास भी किया था मगर वे सीएम अखिलेश से मिल नहीं पाए थे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सीएम अखिलेश यादव की तारीफ की थी। तभी संकेत मिले थे कि कांग्रेस सपा के साथ जा सकती है।

सपा के रजत जयंती महोत्सव में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव, आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह, जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी आदि मौजूद थे। इस कार्यक्रम में भी संभावना लग रही थी कि भाजपा विरोधी दल एकजुट हो सकते हैं। दरअसल मुलायम सिंह प्रयास में हें कि वोटों का बिखराव रोका जाए।

Related News