राज्य सभा सीट जीतने पर एमजे अकबर ने दिया भाजपा नेतृत्व को धन्यवाद

रांची : भारतीय जनता पार्टी झारखंड में मिली जीत से बेहद उत्साहित है। भाजपा का उत्साह दुगना हो गया है और वह राज्यसभा की इस सीट पर मिली जीत के बाद बिहार चुनाव के लिए अधिक उल्लासित होकर तैयारियों में जुट गई है हालांकि यह बात और है कि बिहार में उसे कुछ और समीकरण फिट करने होंगे मगर यहां मिली जीत पर भाजपा उम्मीदवार एमजे अकबर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को धन्यवाद दिया है। हाल ही में यह बात सामने आई तो भाजपा समर्थक झारखंड के पार्टी कार्यालय में इकट्ठा होने लगे। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को बधाईयां दीं।

यही नहीं झारखंड में हुए राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद उम्मीदवार एमजे अकबर ने कहा कि दोनों नेताओं के कारण उन्हें झारखंड के गरीबों की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से भी चर्चा की और कहा कि मुझे झारखंड की सेवा का मौका दिया गया है.इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि झारखंड से राज्यसभा का सदस्य बनने के बाद वे गरीबों की सेवा करेंगे और यहां के लोगों के लिए कल्याण की बात रखेंगे।

उन्होंने यहां भाजपानीत राज्य सरकार काबिज होने को प्रदेश विकास के लिए बेहतर बताया। यही नहीं राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनाव परिणाम आने के बाद बीजेपी के केन्द्रीय नेतृत्व की सराहना की और कहा कि भाजपा नेतृत्व ने एक योग्य उम्मीदवार को चुना है यह एक अच्छी बात है। संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय और नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार एम जे अकबर की जीत पर खुशी व्यक्त की और कहा कि एनडीए को तोड़ने वाले खुद ही टूट गए हैं।

 
 
 

Related News