आज ममता फिर बनेंगी मुख्यमंत्री,राजनीतिक दलों ने जताया विरोध

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता बनर्जी की ताजपोशी होनी है। तृणमूल कांग्रेस के विधायक दल की नेत्री राज्य में दूसरी बार महिला मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। ममता के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह में ममता के साथ ही करीब 42 विधायक मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके मंत्रिमंडल की सूची राज्यपाल को सौंप दी गई है। ममता बनर्जी बांग्ला में शपथ ग्रहण करेंगी। शपथ की प्रतिलिपी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, नपाली और संथाली भाषा में तैयार करवाई गई है। ममता बनर्जी ने शपथ ग्रहण समारोह के पहले राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी से भेंट की।

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जनता और राजनेता दोनों ही उत्साहित हैं। दरअसल उनके शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शमिल होंगे। जिनमें बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रतिनिधि, भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू, अरूण जेटली, बाबुल सुप्रियो, पीयूष गोयल, बिहार राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव आदि के पहुंचने की संभावना जताई गई है।

हालांकि अपने नेताओं पर हुए हमलों को लेकर स्थानीय स्तर पर कांग्रेस, माकपा, भाजपा के नेताओं ने शपथ ग्रहण समारोह का विरोध किया है। मगर केंद्रीय स्तर के नेताओं के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है। दूसरी ओर ममता के दूसरे कार्यकाल को लेकर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना वाजेद ने उन्हें अपने प्रतिनिधि के माध्यम से जामदानी साड़ी, 20 किला हिलसा मछली और शीरा भेजी है। जो कि उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में भेंट की जाएगी।

Related News