झारखंड सरकार विधायक-मंत्रियों पर मेहरबान, वेतन और महंगाई भत्ता भी बढ़ाया

जमशेदपुर/रांची : झारखंड सरकार ने हाल ही में सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया है। सरकारी कर्मचारियों को अब से 113 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। हाल ही में कैबिनेट की बैठक के बाद इस तरह का निर्णय लिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री के वेतन और विधायकों के वेतन व भत्ते पर भी चर्चा की गई, राज्य सरकार के कर्मचारियों को करीब 113 प्रतिशत डीए दिए जाने के फैसले का हर कहीं स्वागत किया गया है। कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर फैल गई है। मामले में कर्मचारी एक दूसरे को बधाईयां देने लगे, कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री का वेतन निर्धारित किया गया। जिसमें कहा गया कि मुख्यमंत्री को अब 133000 रूपए के बदले 185000 रूपए वेतन भत्ता प्रति माह दिया जाएगा। विधायकों को 88000 के स्थान पर 120000 रूपए प्रति माह वेतन भत्ता दिया जाएगा।

वहीं विधानसभा अध्यक्ष को 180000 रूपए और मंत्रियों के साथ नेता प्रतिपक्ष को 160000 रूपए प्रति माह वेतन भत्ता दिया जाएगा। वेतन भत्ते की नई स्लैब 1 जनवरी वर्ष 2015 से प्रभावी मानी जाऐंगी। जिसके अनुसार मंत्रियों और विधायकों को एरियर भी दिया जाएगा, इसी के साथ राज्य में सड़क निर्माण पर 282 करोड़ रूपए की लागत से 145 किलोमीटर की सडक बनाने का निर्णय लिया जाएगा, जिला परिषद के सदस्यों को 1500, पंचायत सदस्यों को 700 और ग्राम पंचायत के सदस्यों को 200 रूपए प्रति माह का मानदेय दिया जाएगा। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के तहत यदि मतदानकर्मी की मृत्यु होती है तो परिजन को 10 लाख रूपए का मुआवजा दिया जाएगा। नक्सली हमले में दुर्घटना में मौत होने पर मृतक के परिजन को 20 लाख रूपए का मुआवजा दिया जाएगा।

Related News