India vs South Africa : भारत के भोजनकाल तक 8 विकेट पर 326 रन

नई दिल्ली : अजिंक्य रहाणे के करियर के पांचवें शतक की मदद इंडिया क्रिकेट टीम ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर चल रहे चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन यानि कि शुक्रवार को भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 326 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया है। रविचंद्रन अश्विन 53 और उमेश यादव 5 रनों पर नाबाद हैं। अपने करियर का छठा अर्धशतक लगाने वाले आर अश्विन ने 121 गेंदों का सामना कर 6 चौके और 1 छक्का लगाया है। वह उमेश के साथ 9वें विकेट के लिए 30 रन बना चुके हैं।

भारतीय टीम ने अब तक 113 ओवरों का सामना किया है। भारत के 300 रन 105.5 ओवरों में पूरे हुए। भारत ने दूसरे दिन पहले सत्र में 29 ओवरों का सामना कर 95 रन बनाए और एक विकेट गंवाया। भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 231 रन बनाए थे। पहले दिन स्टम्प्स तक रहाणे 89 और अश्विन 6 रनों पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन दोनो ने 98 रनों की साझेदारी निभाई। यह इस सीरीज की अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है।

इसी साझेदारी के दौरान रहाणे ने देश में अपना पहला और करियर का पांचवां शतक पूरा किया। रहाणे ने अब तक भारत में सात पारियां खेली हैं। बीती छह पारियों में उनका सर्वोच्च योग 15 रन था।

रहाणे ने 180 गेंदों पर 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। उनका विकेट 296 के कुल योग पर गिरा। 215 गेंदों का सामना कर 11 चौके और चार छक्के लगाने वाले रहाणे को इमरान ताहिर ने आउट किया।

Related News